अब CBI करेगी शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या मामले की जांच, बंगाल पुलिस ने खुद की थी मांग
जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल पुलिस ने इस मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। इससे पहले सोमवार को पुलिस ने हत्या के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को 13 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के ठीक बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या से मचे बवाल के बाद अब इस मामले को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के हाथों में सौंप दी गई है। जानकारी के मुताबिक सीबीआई मंगलवार को आधिकारिक तौर पर बंगाल पुलिस से इस केस की जिम्मेदारी अपने हाथ में ले लेगी। इससे पहले पश्चिम बंगाल पुलिस ने खुद इस मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक सीबीआई ने इस मामले की जांच करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। जांच का जिम्मा डीआईजी (DIG) रैंक के वरिष्ठ अधिकारी को सौंपा गया है। वहीं एक सात मेंबर्स वाली स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की बनाई गई है। यह जानकारी तब सामने आई है जब पुलिस ने सोमवार को चंद्रनाथ रथ की हत्या के सिलसिले में उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
रथ की गोली मारकर हत्या
गौरतलब है कि शुभेंदु के निजी सचिव रहे चंद्रनाथ रथ की बीते 6 मई को उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में उनके घर से कुछ ही मिनट की दूरी पर हत्या कर दी गई थी। बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर गोलियों की बौछार कर दी थी। इस हमले में उनके ड्राइवर को भी गोली लगी, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। चुनावी नतीजों के बाद हुई इस हत्या से राजनीतिक बवाल मच गया, जहां भाजपा ने इसके लिए टीएमसी को जिम्मेदार ठहराया। वहीं घटना के बाद हमलावरों की तलाश के लिए एक विशेष जांच टीम बनाई गई थी और कई राज्यों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
पुलिस को बड़ी कामयाबी
इसके बाद सोमवार को पुलिस ने हत्या के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। CID के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ''मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की भयानक हत्या के सिलसिले में अब तक तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। खास सुरागों के आधार पर मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को बिहार के बक्सर से हिरासत में लिया गया, वहीं राज सिंह को 10 मई को उत्तर प्रदेश के बलिया से हिरासत में लिया गया। बाद में पूछताछ करने पर, तीनों को आज गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की जांच जारी है।''
13 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजे गए आरोपी
फिलहाल इन तीनों आरोपियों को 13 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। एक अधिकारी ने बताया, "तीनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल लाया गया और सोमवार को उत्तर 24 परगना जिले की बारासात अदालत में पेश किया गया। उन्हें 13 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।" उन्होंने बताया कि बारासात अदालत ने पुलिस को उन्हें 24 मई को फिर से पेश करने का आदेश दिया है। अधिकारी ने बताया कि उन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अलग अलग धाराओं के तहत हत्या, अवैध हथियार रखने, आपराधिक साजिश रचने और सबूतों को छिपाने का आरोप लगाया गया है।




साइन इन