Prime Minister s Development India Employment Scheme Launches Special Programs in Ranchi and Bokaro रांची-बोकारो में पीएम रोजगार योजना के लाभार्थी 19 को होंगे सम्मानित, India News in Hindi - Hindustan
More

रांची-बोकारो में पीएम रोजगार योजना के लाभार्थी 19 को होंगे सम्मानित

प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत 19 जून को रांची और बोकारो में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम से जुड़कर लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत रोजगार सृजन और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Tue, 16 June 2026 08:58 PMVikram Giri हिन्दुस्तान, रांची
share
रांची-बोकारो में पीएम रोजगार योजना के लाभार्थी 19 को होंगे सम्मानित

रांची, वरीय संवाददाता। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के लाभार्थी कर्मियों व नियोक्ताओं को सम्मानित करने और प्रोत्साहन राशि देने के लिए 19 जून को रांची व बोकारो में विशेष कार्यक्रम होंगे। यह कार्यक्रम नई दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम से सीधे जुड़े रहेंगे। मंगलवार को हिनू स्थित ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 शारिक तनवीर ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का शुभारंभ 15 अगस्त 2025 को औपचारिक रोजगार सृजन और सामाजिक सुरक्षा कवरेज को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नोएडा-ग्रेनो की कंपनियों में पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मचारी प्रधानमंत्री से मिलेंगे

वर्तमान में यह योजना देशभर में लागू है। वहीं, 19 जून को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री पात्र कर्मचारियों व नियोक्ताओं को प्रोत्साहन लाभ वितरित करेंगे। इसके साथ ही देशभर में लगभग 200 समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राज्य और औद्योगिक क्षेत्रों के स्तर पर लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जाएगा। रांची में यह कार्यक्रम शौर्य सभागार, जैप-वन, डोरंडा में होगा। इसमें रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।वहीं, बोकारो स्टील लिमिटेड के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य नियोक्ताओं और प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के लाभार्थियों के बीच संवाद स्थापित करना, नव-नियोजित श्रमिकों को नियुक्ति-पत्र वितरित करना और श्रम सुधारों और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। योजना के भाग-ए के तहत पहली बार रोजगार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को और भाग-बी के तहत अतिरिक्त रोजगार सृजित करने वाले नियोक्ताओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है। इस योजना से अगले दो वर्षों में देशभर में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। क्षेत्रीय कार्यालय रांची के तहत पहली छमाही में भाग-ए के तहत 3 हजार से अधिक कर्मचारियों और भाग-बी के तहत 450 नियोक्ताओं को प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर सहायता केंद्र भी स्थापित किया जाएगा, जहां नियोक्ता योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त करने और भाग-बी के तहत पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:रोजगार से विकसित भारत नाम विशेष कार्यक्रम 19 जून को