पहली नौकरी करने वाले युवाओं को मिलेगा 15 हजार रुपये तक का प्रोत्साहन, निजी क्षेत्र में रोजगार सृजन को मिलेगा बढ़ावा
गोरखपुर में पीएम विकसित भारत रोजगार योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को सीधे फायदा मिलेगा। 19 जून को दिल्ली में कार्यक्रम होगा, जिसमें 150 लाभार्थी शामिल होंगे। योजना युवा रोजगार को बढ़ावा देने और भविष्य निधि से जोड़ने के लिए है। इसके तहत 15,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की ओर से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का लाभ अधिक से अधिक कर्मचारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस योजना के तहत ईपीएफओ से पंजीकृत प्रतिष्ठानों में पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को सीधा फायदा मिलेगा। आगामी 19 जून को इस योजना के लाभार्थियों की मौजूदगी में दिल्ली में होगा। एनेक्सी भवन में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। जिसमें 150 से अधिक लाभार्थी जुड़ेंगे। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय आयुक्त अभिषेक कुमार मिश्र ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि योजना का उद्देश्य रोजगार के अवसर बढ़ाना और युवाओं को औपचारिक रोजगार से जोड़ना तथा जोड़े रखना है। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना रोजगार-संबद्ध प्रोत्साहन पर आधारित है। इसके तहत ऐसे युवा, जो पहली बार किसी संस्थान में नौकरी प्राप्त करते हैं और ईपीएफओ से जुड़ते हैं, उन्हें केंद्र सरकार की ओर से 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि निर्धारित शर्तों के अनुरूप दो किश्तों में दी जाएगी。
योजना की विशेषताएँ
ईपीएफओ अधिकारियों के अनुसार योजना 1 अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 के बीच रोजगार में आने वाले तथा ई.पी.एफ़. योजना से पंजीकृत होने वाले कर्मचारियों पर लागू होगी।
युवाओं के लिए लाभ
योजना की एक बड़ी विशेषता यह है कि इससे न केवल युवाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी, बल्कि उन्हें संगठित क्षेत्र में रोजगार के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा। ईपीएफओ से जुड़ने पर कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा, भविष्य निधि, पेंशन और बीमा जैसी सुविधाओं का लाभ मिलने के साथ ही इस योजना का लाभ भी मिलेगा। इससे रोजगार की गुणवत्ता में सुधार होगा और कर्मचारियों का भविष्य अधिक सुरक्षित बनेगा।
नियोक्ताओं के लिए अवसर
नियोक्ताओं के लिए भी यह योजना लाभकारी साबित होगी। सरकार की ओर से रोज़गार सृजन को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन दिए जाने का प्रावधान किया गया है। इससे निजी कंपनियां अधिक संख्या में नियुक्तियां करने के लिए प्रेरित होंगी और रोजगार बाजार में सकारात्मक प्रभाव दिखाई देगा। गोरखपुर क्षेत्र में आने वाले विभिन्न जिलों की लगभग 1950 कंपनियां अब तक इस योजना में पंजीकरण करवा चुकी हैं। इन संस्थानों में नव-नियुक्त कर्मचारियों के साथ साथ प्रतिष्ठानों को भी योजना का लाभ मिलने की संभावना है। लाभ प्राप्ति के लिए पंजीकरण के पश्चात नियोक्ता को सभी कर्मचारियों का अंशदान विधि अनुसार समय से जमा कराना आवश्यक है।
जागरूकता अभियान
ईपीएफओ गोरखपुर कार्यालय की ओर से कंपनियों और कर्मचारियों को योजना के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पात्र प्रतिष्ठान समय पर ईपीएफओ पंजीकरण के साथ योजना में पंजीकरण कराकर लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना युवाओं को रोजगार से जोड़ने, औपचारिक अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और रोजगार सृजन को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। गोरखपुर क्षेत्र की कंपनियों और कर्मचारियों के लिए यह योजना नए अवसरों का द्वार खोल सकती है。




साइन इन