केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल में हुआ चौतरफा विकास : सुरेश राणा
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर '12 साल बेमिसाल' अभियान के अंतर्गत एक जनकल्याण शिविर का शुभारंभ हुआ। पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की उपलब्धियों को साझा किया, जिसमें आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि शामिल हैं। शिविर 16 जून तक चलेगा।

थानाभवन। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “12 साल बेमिसाल” अभियान के अंतर्गत सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में जनकल्याण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की उपलब्धियों को विस्तार से जनता के समक्ष रखा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना, जल जीवन मिशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं।उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शौचालय, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को भी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। सुरेश राणा ने कहा कि पहले जहां क्षेत्र में टूटी-फूटी सड़कों के कारण लोगों को परेशानी होती थी, वहीं आज बेहतर सड़क नेटवर्क के कारण आवागमन सुगम हुआ है। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राजकीय कॉलेजों की स्थापना और उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम में वक्ताओ द्वारा बताया गया कि जनकल्याण शिविर 16 जून तक संचालित रहेगा। शिविर में आम नागरिकों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जाएगा। इस अवसर पर नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा, एडीओ दिनेश सैनी, ब्लॉक प्रमुख पति दीपक कोरी, भाजपा जिला मंत्री बृजेश वाल्मीकि, जिला पंचायत प्रतिनिधि मैनपाल सैनी, संजय सैनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के महिला-पुरुष उपस्थित रहे।




साइन इन