हृदय मा छे काबा, नयने मदीना; गाने वालीं सायोनी घोष तंग आ गईं, लगाना पड़ा एक 'ताला'
'हृदय मा छे काबा, नयने मदीना' गाकर चर्चित हुईं टीएमसी की सांसद सायोनी घोष को तो इस तरह निशाना बनाया गया को तंग आकर उन्हें कॉमेंटबॉक्स पर ‘ताला’ लगाना पड़ा है। उन्होंने एक्स पर कॉमेंट सेक्शन बंद कर दिया है।

हृदय मा छे काबा, नयने मदीना… गाकर सुर्खियों में आईं सांसद सायोनी घोष इन दिनों ट्रोलर्स के निशाने पर हैं। टीएमसी की सांसद सायोनी घोष को तो इस तरह निशाना बनाया गया को तंग आकर उन्हें कॉमेंटबॉक्स पर ‘ताला’ लगाना पड़ा है। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की हार के बाद जहां एक तरफ पार्टी के नेताओं को सड़कों से विमानों तक में विरोध का सामना करना पड़ रहा है तो सोशल मीडिया पर भी उनकी खूब ट्रोलिंग की जा रही है।
जादवपुर से टीएमसी की लोकसभा सांसद सायोनी घोष के खिलाफ 4 मई से ही बहुत अधिक नकारात्मक टिप्पणियां की जा रही थीं, जब पश्चिम बंगाल में उनकी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा और भाजपा ने 200 से अधिक सीटों पर कब्जा करके टीएमसी को 15 साल पुरानी सत्ता से बेदखल कर लिया। बहुत से लोग सायोनी घोष को टीएमसी की हार के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे थे।
अभद्र टिप्पणियों के बाद बंद किया कॉमेंट सेक्शन
कुछ लोगों ने तो उनके खिलाफ बेहद अभद्र टिप्पणियां कीं और तस्वीरों को एडिट करके उनके कॉमेंट बॉक्स में पोस्ट करना शुरू कर दिया। सायोनी घोष ने तंग आकर कॉमेंट बॉक्स को नियंत्रित कर दिया है। अब सामान्य यूजर्स उनके पोस्ट पर ना तो कॉमेंट कर सकते हैं और ना पुरानी टिप्पणियां दिख रही हैं। सायोनी घोष के पोस्ट के नीचे ताले के निशान के साथ मैसेज दिख रहा है, 'ओनली सम अकाउंट्स कैन रिप्लाई (कुछ ही अकाउंट्स जवाब दे सकते हैं।)' यह संदेश तब दिखता है जब कोई अकाउंट होल्डर कुछ या सभी लोगों को कॉमेंट के लिए प्रतिबंधित कर देता है।

कॉमेंट सेक्शन खोलने की दी जा रही चुनौती
सायोनी घोष ने भले ही कॉमेंट सेक्शन बंद कर दिया लेकिन उनके आलोचक इससे भी बाज नहीं आ रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग उन्हें टैग करते हुए पोस्ट कर रहे हैं और उन्हें कॉमेंट सेक्शन खोलने की चुनौती दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'सायोनी जी ज्यादा सयानी बन गईं और कॉमेंट सेक्शन बंद कर दिया ताकि लोग उन्हें उनकी सच्चाई नहीं दिखा सकें और प्रोपेगेंडा ध्वस्त ना कर सकें। अच्छा प्रयास है।' इस कॉमेंट में अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया है।
क्यों सायोनी घोष को लिया जा रहा है निशाने पर?
दरअसल, सायोनी घोष को पश्चिम बंगाल में टीएमसी की हार के लिए जिम्मेदार रहे कई कारणों में से एक बताया जा रहा है। सायोनी घोष ने चुनावी रैलियों के दौरान मुसलमानों को खुश करने वाला गाना गाया, जिसके वीडियो खूब वायरल हुए। सायोनी के आलोचकों का कहना है कि उन्होंने पश्चिम बंगाल में मुस्लिम तुष्टीकरण की कोशिश की, जिसके जवाब में हिंदू एकजुट हो गए और टीएमसी की हार सुनिश्चित हुई। बांग्ला फिल्मों की अभिनेत्री और गायिका सायोनी घोष को टीएमसी की तेज तर्रार नेताओं में गिना जाता है।




साइन इन