हां, छूता हूं अपनी पत्नी के पैर, महिला विधेयक पर चर्चा के दौरान रवि किशन; स्पीकर बोले-पत्नीव्रता
लोकसभा में महिला आरक्षण बिल और परिसीमन पर चर्चा के दौरान एक मजेदार वाकया हुआ। लोकसभा में गोरखपुर सांसद रवि किशन अपनी बात रख रहे थे। वहीं, स्पीकर की कुर्सी पर जगदंबिका पाल बैठे हुए थे।

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल और परिसीमन पर चर्चा के दौरान एक मजेदार वाकया हुआ। लोकसभा में गोरखपुर सांसद रवि किशन अपनी बात रख रहे थे। वहीं, स्पीकर की कुर्सी पर जगदंबिका पाल बैठे हुए थे। इसी दौरान जगदंबिका पाल ने रविकिशन से पूछा कि क्या आप अपनी पत्नी का पैर छूते हैं। इसके जवाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और अभिनेता रवि किशन ने कहाकि वह अपनी पत्नी के पैर छूते हैं क्योंकि संघर्ष के दिनों में वह उनके साथ खड़ी रहीं।
सभी को छूना चाहिए
जगदंबिका पाल ने भोजपुरी में पूछा था, ‘पत्नी क पैर छुएले न?’ इसके जवाब में रविकिशन ने कहाकि हां, छुइला। उन्होंने आगे कहाकि विपक्षी नेताओं को भी अपनी पत्नियों के पैर छूने चाहिए। उन्होंने कहाकि अगर वे ऐसा करेंगे तभी ‘रवि किशन’ बनेंगे और दुनिया उन्हें जानेगी। रवि किशन ने आगे कहाकि मुझे लाखों वोट मिलता है। उसमें एक-डेढ़ लाख मेरी धर्मपत्नी लाती हैं। मैं उनके पैर छूता हूं...पैर क्यों नहीं छूना चाहिए। जब मैं सिनेमा में संघर्ष कर रहा था तो उन्होंने गरीबी में मेरा साथ दिया। मैं उनके पैर क्यों नहीं छूऊंगा?
जब गहरी नींद में होती हैं
रवि किशन ने आगे कहाकि मेरी पत्नी पैर नहीं छूने देती हैं, लेकिन जब वह गहरी नींद में होती हैं तब मैं पैर छूता हूं। इस दौरान स्पीकर समेत सदन में मौजूद अन्य सदस्य भी हंस पड़े। इसके बाद जगदंबिका पाल ने कहाकि अब आपका काम बन गया। उन्होंने कहाकि दूर-दूर तक संदेश चला गया है महिलाओं में कि ऐसा भी कोई पत्नीव्रता है। लोकसभा में महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026’, ‘परिसीमन विधेयक, 2026’ और ‘संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026’ पर चर्चा के दौरान ऐसे क्षण देखने को मिले।
किरेन रिजिजू का भी मजाकिया अंदाज
इससे पहले शुक्रवार को ही कुछ अन्य हल्के-फुल्के क्षण भी देखने को मिले थे। सुनवाई के दौरन संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने मजाकिया लहजे में कहा कि कानून मंत्री ने कल सदन में पत्नी को समर्पित कविता पढ़ी, जिसके बाद मुझे घर में बहुत डांट पड़ी। चर्चा में भाग लेते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद आनंद भदौरिया ने कहा कि कल कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने अपने भाषण के अंत में कविता पढ़ी थी तो ‘मैं भी एक कविता पढ़ूंगा।’ सपा सांसद ने कहाकि उन्होंने कल देर रात दो बजे तक यह कविता लिखी है। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री रीजीजू ने कहाकि कल कानून मंत्री ने अपनी पत्नी को समर्पित कविता पढ़ी। हमें घर में डांट पड़ी कि कानून मंत्री कविता कर सकते हैं तो आप क्यों नहीं कर सकते। मुझे तो व्यक्तिगत रूप से कल बहुत डांट पड़ी।




साइन इन