आई लव यू, डार्लिंग; लेडी डॉन ने लगाए इंस्पेक्टर पर गंदे मैसेज भेजने के आरोप
महिला के वकील नरेश ने दावा किया कि इंस्पेक्टर ने गौड़ा को भेजे संदेशों में 'Dear', 'Darling' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया है। वकील ने सवाल उठाए हैं कि पुलिस बल में ऐसे बर्ताव को कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है। नरेश के आरोप हैं कि अफसर के खिलाफ की गईं शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई है।

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में लेडी डॉन के नाम से मशहूर राउडी शीटर ने पुलिस अधिकारी पर अश्लील मैसेज भेजने के आरोप लगाए हैं। साथ ही दावा किया है कि जब उसने शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, तो कार्रवाई नहीं की गई। साथ ही कहा कि बड़े अधिकारियों ने उसे इस मामले पर ज्यादा जोर नहीं देने के लिए कहा। खबर है कि चैट के स्क्रीनशॉट्स समेत कई सबूत आला अधिकारियों को सौंपे जा चुके हैं।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, कमिश्नर कार्यालय के बाहर पहुंची गौड़ा ने आरोप लगाए कि इंस्पेक्टर पोपन्ना उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। बयान में आरोप लगाए गए हैं कि पुलिस अधिकारी ने उसे अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज भेजे हैं, जिनमें 'आई लव यू' जैसी बातें शामिल हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, राउडी शीटर यश्वनी गौड़ा ने पुलिस के आला अधिकारियों के पास शिकायत और चैट के रिकॉर्ड दिए हैं। कथित तौर पर चैट में देखा जा सकता है कि अधिकारी गौड़ा से कह रहे हैं कि वह उन्हें सर के बजाए 'पापू' कहकर बुलाए। साथ ही गौड़ा का दावा है कि पुलिस इंस्पेक्टर पोपन्ना उसे बार-बार फोन भी करता था।
घर आने की मांग के आरोप
गौड़ा ने आरोप लगाए, 'वह कहते हैं कि वह मेरे घर आना चाहते हैं...। मेरे खिलाफ राउडी शीट खुलवाने वाले इंस्पेक्टर खुद को मेरा करीबी दोस्त कैसे बता सकते हैं?' गौड़ा ने आरोप लगाए कि पहले भी कई बार शिकायत की कोशिश की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने दावा किया कि पहले भी कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उसकी शिकायतों को खारिज कर दिया और मामले पर ज्यादा जोर नहीं देने को कहा।
झूठा केस लगाने के आरोप
गौड़ा ने आरोप लगाए हैं कि पूर्व में उसके खिलाफ झूठे केस लगाए गए हैं। साथ ही दावा किया कि पुलिस इंस्पेक्टर की तरफ से कथित उत्पीड़न कुछ महीने पहले शुरू हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, महिला के वकील नरेश ने दावा किया कि इंस्पेक्टर ने गौड़ा को भेजे संदेशों में 'Dear', 'Darling' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया है।

वकील ने सवाल उठाए हैं कि पुलिस बल में ऐसे बर्ताव को कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है। नरेश के आरोप हैं कि अफसर के खिलाफ की गईं शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई है। फिलहाल, इस संबंध में बेंगलुरु पुलिस की तरफ से प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।




साइन इन