नेहरू से भी आगे निकले पीएम मोदी! जॉर्जिया मेलोनी ने ऐसे दी बधाई; US समेत दुनिया से आ रहे संदेश
Longest serving pm of India Modi: PM मोदी ने लगातार 4,399 दिन पूरे कर जवाहरलाल नेहरू का सबसे बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वह भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। अमेरिका से लेकर मालदीव तक लगा बधाइयों का तांता।

Longest serving pm of India Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक बड़ा ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अपने निर्बाध कार्यकाल (बिना किसी रुकावट के) के साथ पीएम मोदी अब देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।
प्रधानमंत्री के तौर पर कार्यालय में लगातार 4,399 दिन पूरे करने की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर भारत के साथ-साथ दुनिया भर के बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। ग्लोबल लीडर्स ने पीएम मोदी के नेतृत्व और जनसेवा की जमकर तारीफ की है।
अमेरिकी नेताओं ने की जमकर तारीफ
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इस मुकाम को पीएम मोदी की देश के प्रति वर्षों की सेवा का प्रतिबिंब बताया। उन्होंने कहा, "यह उपलब्धि उनके दशकों के समर्पित सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व का एक शक्तिशाली प्रमाण है।"
वहीं, अमेरिकी सीनेटर जॉन कॉर्निन ने पीएम मोदी के कार्यकाल को 'बदलाव लाने वाला' करार दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "लगातार 4,399 दिनों के नेतृत्व के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई। यह मुकाम तीन लोकतांत्रिक जनादेशों के जरिए 1.4 अरब लोगों के भरोसे से हासिल हुआ है।" कॉर्निन ने आगे कहा, "25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने से लेकर भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बनाने तक, पीएम मोदी का कार्यकाल एक बड़े बदलाव वाला रहा है। अमेरिका-भारत की साझेदारी पहले कभी इतनी मजबूत नहीं रही।"
मलेशियाई पीएम ने बताया नेतृत्व का प्रमाण
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भी इस ऐतिहासिक मौके पर अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "भारत के विकास, समृद्धि और वैश्विक मंच पर देश का रुतबा बढ़ाने में यह उपलब्धि उनके समर्पित सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व को दर्शाती है।" इब्राहिम ने दोनों देशों के बीच करीबी रिश्तों को अहमियत देते हुए आपसी सहयोग को और मजबूत करने की उम्मीद जताई और पीएम मोदी की निरंतर सफलता व भारतीय लोगों की शांति और प्रगति की कामना की।
श्रीलंका के राष्ट्रपति ने भी दी बधाई
पड़ोसी देश श्रीलंका से भी प्रधानमंत्री मोदी के लिए बधाई संदेश आए हैं। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने 'एक्स' पर लिखा, "भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर मैं पीएम मोदी को हार्दिक बधाई देता हूं। श्रीलंका हमारी करीबी साझेदारी को महत्व देता है और दोनों देशों के बीच स्थायी संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद करता है।"
जॉर्जिया मेलोनी ने भी पीएम मोदी को बधाई दी
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी पीएम मोदी को बधाई दी। मेलोनी ने लिखा- “नरेंद्र मोदी को बधाई, जो आज भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। हाल के हफ्तों में रोम में फिर से मिलना और साथ मिलकर एक स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप शुरू करना खुशी की बात है, जो हमारे देशों और हमारे लोगों के लिए नए मौके बनाने के लिए भविष्य की ओर देखती है।”
मालदीव के राष्ट्रपति ने भी दी बधाई
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने भी पीएम मोदी को बधाई दी। उन्होंने लिखा- भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर महामहिम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई। मालदीव आपसी सम्मान, संप्रभु समानता और साझा हितों के आधार पर भारत के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए तत्पर है।
भूटान के पीएम ने बताया मार्गदर्शक
भारत के पड़ोसी देश भूटान के प्रधानमंत्री ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए एक लंबा खत लिखा है। इसे एक्स पर शेयर करते हुए पीएम त्शेरिंग तोबगे ने लिखा, 'मेरे दोस्त, मेरे भाई, मेरे मार्गदर्शक- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए।' अपने पत्र में पीएम त्शेरिंग ने लिखा, "मेरे मार्गदर्शक, प्रधानमंत्री मोदी की जिस बात की मैं सबसे ज्यादा तारीफ करता हूं, वह है जन-सेवा के प्रति उनका असाधारण समर्पण। नेतृत्व का मतलब सिर्फ ऊंचे पद पर बैठना नहीं है। इसका मतलब है प्रतिबद्धता, अनुशासन और दूसरों के जीवन को बेहतर बनाने पर अटूट ध्यान देना। प्रधानमंत्री मोदी इन गुणों की मिसाल हैं। एक दशक से ज्यादा समय से, उन्होंने दुनिया के सबसे ज्यादा आबादी वाले और विविधतापूर्ण देशों में से एक का नेतृत्व करने की भारी जिम्मेदारियां निभाई हैं। फिर भी, जो बात सबसे अलग है, वह सिर्फ उन जिम्मेदारियों का दायरा नहीं है, बल्कि वह ऊर्जा, अनुशासन और निरंतरता है जिसके साथ वे उन्हें पूरा करते हैं। पद पर एक दशक से ज़्यादा समय बीतने के बाद भी, भारत के लोगों की सेवा करने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता समय या हालात के साथ कम नहीं हुई है।'
उन्होंने आगे लिखा- एक साथी जन-सेवक के तौर पर, मैंने अक्सर उनके उदाहरण से प्रेरणा ली है। उनके काम करने का तरीका, हर छोटी-बड़ी बात पर ध्यान देना और नतीजों के लिए लगातार कोशिश करना यह दिखाता है कि जब नेतृत्व का आधार मकसद और पक्का इरादा हो, तो क्या कुछ हासिल किया जा सकता है। उन्होंने दिखाया है कि बड़े बदलाव के लिए न सिर्फ़ दूरदर्शी सोच की जरूरत होती है, बल्कि लगन और लंबे समय के लक्ष्यों को पाने का साहस भी चाहिए होता है। उनके नेतृत्व में, भारत ने अपना आर्थिक प्रभाव बढ़ाया है, तकनीकी इनोवेशन को अपनाया है, अपने इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है और वैश्विक मामलों में अपनी स्थिति को ऊंचा किया है। उतनी ही अहम बात यह है कि वे विकासशील देशों और 'ग्लोबल साउथ' की उम्मीदों के लिए एक मज़बूत आवाज़ बनकर उभरे हैं और ज़्यादा समावेशी और न्यायपूर्ण अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की वकालत करते रहे हैं। ये उपलब्धियां एक ऐसे नेता की हैं जो सरकारी पद को कोई विशेषाधिकार नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी मानते हैं।
जब प्रधानमंत्री मोदी इस ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंचे हैं, तो उनके कार्यकाल की अवधि के साथ-साथ उनकी सेवा के असर को भी पहचानना सही होगा। बहुत कम लोकतांत्रिक नेताओं को इतने लंबे समय तक अपने देश को आकार देने का मौका मिला है। और भी कम नेताओं ने ऐसा करते हुए लगातार अपने लोगों का भरोसा और विश्वास जीता है। उनका रिकॉर्ड न सिर्फ राजनीतिक रूप से लंबे समय तक बने रहने को दिखाता है, बल्कि लोकतांत्रिक वैधता की मजबूती को भी दर्शाता है। इतिहास प्रधानमंत्री मोदी की विरासत का कई तरह से आकलन करेगा। यह उनके कार्यकाल के दौरान भारत में आए बदलाव, वैश्विक मंच पर देश के बढ़ते प्रभाव और उन उम्मीदों को दर्ज करेगा जिन्हें जगाने में उन्होंने लाखों लोगों की मदद की।'
अबी अहमद अली (इथियोपिया के प्रधानमंत्री)
इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने लिखा- मैं अपने बड़े भाई और प्रिय मित्र, माननीय नरेंद्र मोदी जी को बधाई देता हूं। उन्होंने भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने और लगातार तीन बार लोकतांत्रिक जनादेश के साथ दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प के साथ देश का नेतृत्व करने का ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है। उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े और सबसे जीवंत लोकतंत्र का लगातार भरोसा जीता है। उनके शासनकाल में लाखों लोग गरीबी से बाहर आए हैं, बड़े पैमाने पर डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर लागू किया गया है और अभूतपूर्व इंफ्रास्ट्रक्चर विकास हुआ है, जिससे तेज़ी से आर्थिक प्रगति हुई है। वे 'ग्लोबल साउथ' की एक मजबूत और निरंतर आवाज रहे हैं।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने इंग्लिश और हिंदी में लिखा- माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मैं आपको दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई देता हूं। आपने कई वर्षों तक भारत के विकास और प्रगति का नेतृत्व किया है तथा अंतरराष्ट्रीय समुदाय में भारत की प्रतिष्ठा को ऊँचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुझे विश्वास है कि यह उपलब्धि भारत के लोगों द्वारा आपके नेतृत्व पर जताए गए भरोसे को दर्शाती है। अप्रैल में हमने कोरिया-भारत विशेष रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने तथा विकास और नवाचार से भरे भविष्य के निर्माण के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई थी। मैं आपके साथ विश्वास और मित्रता को आगे बढ़ाने तथा हमारे दोनों देशों के लोगों के लिए लाभकारी ठोस परिणाम प्राप्त करने की आशा करता हूं। मैं आपके उत्तम स्वास्थ्य और भारत के लोगों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करता हूं।
उखनागीन खुरेलसुख (मंगोलिया के राष्ट्रपति)
मंगोलिया के राष्ट्रपति उखनागीन खुरेलसुख ने लिखा- मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को, जो मेरे और मंगोलिया के लोगों के बहुत अच्छे दोस्त हैं, अपनी हार्दिक बधाई देना चाहता हूं। प्रधानमंत्री के तौर पर आपके तीसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने और आधुनिक भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले व्यक्ति बनने पर कृपया मेरी हार्दिक बधाई स्वीकार करें। यह ऐतिहासिक उपलब्धि आपके नेतृत्व और भारत के लोगों के आप पर अटूट भरोसे और विश्वास का प्रमाण है। मुझे आपके साथ मिलकर मंगोलिया-भारत रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा हमारे दोनों देशों के लोगों के बीच दोस्ती के रिश्तों को और गहरा करने में खुशी होगी। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य और निरंतर सफलता की कामना करता हूँ, और भारत के मित्रवत लोगों की निरंतर समृद्धि और भलाई के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं।
गौरतलब है कि मोदी 10 जून को भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सबसे लंबे समय तक पद पर बने रहने वाले व्यक्ति बन गए और इसी के साथ वह देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
नेहरू के 1952 के आम चुनाव के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों के कार्यकाल के रिकॉर्ड को मोदी 10 जून को पीछे छोड़ देंगे। नेहरू का कार्यकाल 1947 से 1952 तक एक अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में था क्योंकि 1952 तक चुनाव नहीं हुए थे।
इंदिरा गांधी सबसे आगे लेकिन...
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का कार्यकाल 14 वर्ष का था जो मोदी के कार्यकाल से अधिक है लेकिन उनका प्रधानमंत्री पद पर कार्यकाल निर्बाध नहीं था। सूत्रों के अनुसार, नेहरू के 4,399 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़कर मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन जाएंगे।
भारी बहुमत से जीत हासिल करने के बाद मोदी ने 26 मई, 2014 को भारत के प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। उन्हें 2019 में और अधिक जनादेश के साथ पुनः चुना गया और उनका दूसरा कार्यकाल उसी वर्ष 30 मई को शुरू हुआ। उनका तीसरा कार्यकाल नौ जून, 2024 को शुरू हुआ।




साइन इन