हमें नहीं मिर्ची आपको लगेगी; PM मोदी के झालमुड़ी वाले तंज पर ममता बनर्जी का पलटवार
पश्चिम बंगाल चुनाव में झालमुड़ी के ऊपर राजनीति तेज होती जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा झालमुड़ी की मिर्ची टीएमसी को लगने वाले तंज पर ममता बनर्जी ने पलटवार किया है।

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के चुनाव संपन्न होने के बाद राजनीति और भी ज्यादा तीखी हो गई है। पीएम मोदी के झालमुड़ी ब्रेक वाले वीडियो के वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि 4 मई को जब चुनाव परिणाम आएंगे, तब पीएम मोदी को झाल (मिर्च वाले तीखे स्वाद) का पता चलेगा। बनर्जी का यह बयान पीएम मोदी के उस तंज के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि झालमुड़ी उन्होंने खाई थी लेकिन मिर्ची टीएमसी वालों को लगी है।
पश्चिम बंगाल में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, "हमें झाल नहीं मिला, लेकिन आपको (पीएम मोदी को) जरूर मिलेगा, जब 4 मई को नतीजें आएंगे। उस समय आपको पता चलेगा कि झाल क्या होता है।"
ममता ने पीएम को झालमुड़ी खाने को बताया ड्रामा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झाल मुड़ी ब्रेक को ड्रामा करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर यह केवल एक ब्रेक था, तो वहां पर पहले से ही इतने ज्यादा कैमरे कैसे मौजूद थे? ममता बनर्जी ने कहा,"यह सब ड्रामा है। जब प्रधानमंत्री अचानक वहां पहुंचे तो कैमरा पहले से कैसे मौजूद था? पूरा घटनाक्रम स्क्रिप्टेड था। उनके पास केवल 10 रुपए का नोट था। क्या यह भरोसेमंद लगता है?"
ममता ने अपने हमले को और भी ज्यादा तीखा करते हुए कहा, "चुनाव के दौरान कभी वह गुफा में चले जाते हैं। कभी खुद को चायवाला बताने लगते हैं। वह 10 रुपए में झालमुड़ी खा रहे हैं, जो उनके ही लोगों द्वारा बनाई हुई है। दुकान में पहले से ही कैमरा मौजूद था, यह सब ड्रामा है। वह अपनी रैलियों में बाहर से ट्रेनों में भरकर लोगों को लाते हैं।"
इससे पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृष्णानगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए टीएमसी पर निशाना साधा था। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए झालमुड़ी ब्रेक को लेकर कहा, "4 मई को बंगाल में भाजपा की जीत का जश्न होगा, मिठाइयां बांटी जाएंगी और झालमुड़ी भी बांटी जाएगी। वैसे मैंने सुना है कि झालमुड़ी ने कुछ लोगों को जोरदार झटका दिया है। मैंने झालमुड़ी खाई है, लेकिन टीएमसी को इसकी मिर्च लगी है।"
बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक दुकान पर झालमुड़ी खाई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हुआ था। कांग्रेस और टीएमसी ने इसे लेकर पीएम मोदी पर हमला बोला था। अब झालमुड़ी के बाद प्रधानमंत्री मोदी बंगाल में चुनावी अभियान के दौरान फोटोग्राफी करते हुए नजर आए हैं।




साइन इन