राज्यसभा की दो सीटें पक्की मान रही थी कांग्रेस, फिर किसने बढ़ाई टेंशन; भाजपा मुकाबले में नहीं
BRS नेता के. चंद्रशेखर राव ने कम से कम एक उम्मीदवार खड़ा करने का फैसला लिया है। इन खबरों से कांग्रेस लीडरशिप को झटका लगना लाजिमी है, जो पहले ही ज्यादातर राज्यों में सीटें जीतने की स्थिति में नहीं है। अप्रैल में दो सीटें खाली हो रही हैं। अब तक कांग्रेस मानकर चल रही थी कि उसे जीत मिल जाएगी।

देश की 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। बिहार में 5 सीटों पर इलेक्शन में एनडीए की जीत तय मानी जा रही है तो वहीं तेलंगाना में भी 2 सीटों पर वोटिंग होनी है। इन दो सीटों पर कांग्रेस की जीत अब तक तय मानी जा रही थी, लेकिन अब खेल बदलता दिख रहा है। इस राज्य में भाजपा इस स्थिति में नहीं है कि कांग्रेस को चुनौती दे, लेकिन भारत राष्ट्र समिति के नेता के. चंद्रशेखर राव ने कम से कम एक उम्मीदवार खड़ा करने का फैसला लिया है। इन खबरों से कांग्रेस लीडरशिप को झटका लगना लाजिमी है, जो पहले ही ज्यादातर राज्यों में सीटें जीतने की स्थिति में नहीं है। अप्रैल में दो सीटें खाली हो रही हैं। अब तक कांग्रेस मानकर चल रही थी कि उसे जीत मिल जाएगी।
केसीआर ने जिस तरह से समीकरण बदलने की कोशिश की है, उससे वह टेंशन में होगी। अब कांग्रेस के लिए स्पष्ट हो गया होगा कि मुकाबला गणित, गठबंधन और अन्य तमाम चीजों से तय होगा। खबरें हैं कि केसीआर किसी चर्चित व्यक्ति को उतारना चाहते हैं। असेंबली रिकॉर्ड्स के अनुसार केसीआर के पास कुल 37 विधायक हैं। इनमें से 10 विधायक ऐसे हैं, जो कांग्रेस के पास जा चुके हैं और उनकी अयोग्यता को लेकर मामला चल रहा है। इस मामले में 8 विधायकों पर बीआरएस की आपत्ति को स्पीकर ने खारिज कर दिया है। वहीं दो पर अभी ट्राइब्यूनल में मामला लंबित है।
एक राज्यसभा सीट पर BRS क्या बना रही है समीकरण
यदि एक राज्यसभा सीट जीतनी है तो 41 विधायकों की जरूरत है। कुल 37 का दावा करने वाली बीआरएस के साथ यदि उसके अपने सभी विधायक बने रहते हैं तो अलग से सिर्फ 4 विधायकों की ही उसे जरूरत होगी। फिलहाल खबर है कि बीआरएस की ओर से उन दलों से वार्ता हो रही है, जिनके समर्थन से इस आंकड़े को हासिल किया जा सकता है। राज्य में कांग्रेस के पास 66 विधायक हैं। इसके अलावा सीपीआई के भी एक विधायक का उसे समर्थन है। अब तक वह मान रही थी कि बीआरएस मुकाबले से दूर रहेगी। लेकिन जब एक राज्यसभा सीट हासिल करने की स्थिति केसीआर को दिखी तो उन्होंने मुकाबले में उतरना ही ठीक समझा है।
कांग्रेस की आंतरिक कलह ने भी बढ़ाई है पार्टी की मुश्किल
फिलहाल पूरा मामला इस बात पर अटक गया है कि आखिर वे 10 विधायक किसके साथ जाते हैं, जो बीआरएस से बागी हो गए हैं। इसके अलावा भाजपा और ओवीसी के AIMIM पर भी नजरें टिक गई हैं। राज्य में ओवैसी के पास कुल 7 विधायक हैं, जबकि भाजपा के पास भी 8 का समर्थन है। इस तरह से मुकाबला टाइट फाइट वाला हो सकता है। साफ है कि एक सीट भले कांग्रेस आसानी से पा जाए, लेकिन दूसरी सीट जीतना टेढ़ी खीर बन सकता है। दरअसल कांग्रेस की आंतरिक कलह भी उसके लिए हालात मुश्किल कर रही है। दो सीटों में से एक पर अभिषेक मनु सिंघवी को फिर से भेजा जा सकता है। अब रही बात दूसरी सीट की तो उसके लिए सीएम के सलाहकार वी. नरेंद्र रेड्डी का नाम भी चर्चा में है। इसके अलावा रिटायर्ड जज जस्टिस सुदर्शन रेड्डी भी मुकाबले में हैं।




साइन इन