क्या पवन सिंह माननीय राज्यसभा सांसद बनने वाले हैं? बीजेपी में बिहार से चर्चा तेज
Bihar Rajya Sabha Elections: भाजपा से एक बाहर बाहर होकर लौट चुके भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के अबकि माननीय सांसद बन जाने की चर्चा तेज है। बिहार से राज्यसभा की 5 सीटों के चुनाव में बीजेपी कोटे की सेफ सीट से पवन को मौका मिल सकता है।

गाना, फिल्म और विवाद से सुर्खियों में रहने वाले भोजपुरी स्टार पवन सिंह की राजनीतिक पारी में माननीय शब्द जल्द जुड़ने के आसार बन रहे हैं। बिहार से राज्यसभा की 5 सीटों के चुनाव में एक सीट पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पवन सिंह को उतारकर सांसद बना सकती है। काराकाट से निर्दलीय 2024 का लोकसभा चुनाव लड़कर हारने और उपेंद्र कुशवाहा को तीसरे नंबर पर पहुंचाने वाले पवन सिंह का पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले कुशवाहा से भरत-मिलाप का फोटो भी सामने आया था। तब बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा था कि पवन सिंह बीजेपी में थे और बीजेपी में ही रहेंगे।
पवन सिंह जब सितंबर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले थे, तब चर्चा उड़ी थी कि वह आरा विधानसभा सीट से विधायक का चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह के खुले विरोध के बाद वो बात ठंडे बस्त में डाल दी गई थी। फिर पवन ने चुनाव में जमकर बीजेपी और सहयोगी दलों का प्रचार किया। माना जा रहा है कि पवन सिंह को मेहनताने में राज्यसभा सीट मिल सकती है।
बीजेपी के 89 विधायकों के दम पर बिहार से राज्यसभा की 2 सीट आसानी से निकल सकती है। 85 विधायकों वाली नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) भी 2 सीट आराम से निकाल लेगी। 202 विधायकों वाले एनडीए के पास 5वीं सीट निकालने के लिए 3 वोट की कमी है। बीजेपी विपक्षी खेमे में थोड़ी चुनावी कसरत और जोड-तोड़ कर दे तो पांचों सीट एनडीए की झोली में आ सकती है। अगर विपक्ष ने कैंडिडेट नहीं दिया तो एनडीए के पांच कैंडिडेट आसानी से निर्विरोध जीत सकते हैं। चुनाव तभी होगा, जब तेजस्वी यादव की राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) उम्मीदवार उतार दे या फिर असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम खेल बिगाड़ने पर उतर आए।
आप भूल गए हों तो याद दिला दें कि पवन सिंह ने 2024 में पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से भाजपा का टिकट लौटा दिया था और बगावत करके काराकाट से निर्दलीय लड़े थे। पवन के लड़ने से काराकाट में उपेंद्र कुशवाहा का समीकरण बिगड़ गया था और उसकी वजह से शाहाबाद से पटना तक कोइरी वोटरों के बीच माहौल ऐसा बिगड़ा कि बीजेपी और जेडीयू को नुकसान उठाना पड़ा। पवन सिंह का निजी जीवन भी खबरों में रहता है। पत्नी ज्योति सिंह से उनका तलाक का केस चल रहा है। भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ उनकी दोस्ती और दुश्मनी के किस्से भी चलते रहते हैं।




साइन इन