'अगले मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार', कर्नाटक में लगे पोस्टर; कांग्रेस अभी केरल में ही जूझ रही
पीडब्ल्यूडी मंत्री जारकीहोली ने यहां संवाददाताओं से कहा 'केरल के मुख्यमंत्री के चयन के बाद हमारा मामला (कांग्रेस आलाकमान के समक्ष) दूसरा है। केरल के मुख्यमंत्री का मामला सुलझने के बाद वे कर्नाटक पर ध्यान देंगे। अभी थोड़ा और इंतजार करते हैं।

कांग्रेस के लिए दोहरी परेशानी खड़ी होती नजर आ रही है। एक ओर पार्टी केरल में मुख्यमंत्री का नाम अब तक तय नहीं कर सकी है। इसी बीच कर्नाटक में उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को अगले CM बताते हुए पोस्टर लग गए हैं। हालांकि, कर्नाटक में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार की अटकलें चल रही हैं। अब कहा जा रहा है कि केरल के फैसले के बाद कांग्रेस आलाकमान कर्नाटक पर चर्चा कर सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राजधानी बेंगलुरु में KPCC यानी कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर के बाहर पोस्टर लगे हैं, जिनमें शिवकुमार को अगला सीएम दिखाया जा रहा है। पोस्टर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का फोटो भी शामिल है। हालांकि, इसे लेकर डिप्टी सीएम या कांग्रेस ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
पोस्टर में क्या
एजेंसी वार्ता के अनुसार, पोस्टर में शिवकुमार को प्रमुखता से एक नेतृत्वकर्ता के रूप में दिखाया गया है, जो पार्टी के स्थानों पर आमतौर पर देखे जाने वाले बधाई विज्ञापनों से स्पष्ट रूप से अलग है। राजनीतिक हलकों में इस संदेश को उन्हें 'मुख्यमंत्री के चेहरे' के रूप में पेश करने के तौर पर देखा जा रहा है, भले ही पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक समर्थन नहीं मिला है।
खबरों में यह भी बताया गया है कि प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर पोस्टर लगाने का समय काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस स्थान को पार्टी का केंद्रीय संगठनात्मक केंद्र माना जाता है। इस कारण यह प्रदर्शन आकस्मिक होने के बजाय प्रतीकात्मक रूप से महत्वपूर्ण हो जाता है।
केरल के बाद होगा कर्नाटक का फैसला?
पीटीआई भाषा के अनुसार, कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के नेताओं को उम्मीद है कि केरल के मुख्यमंत्री का मुद्दा सुलझने के बाद पार्टी आलाकमान राज्य में नेतृत्व की खींचतान और संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल पर कोई फैसला करेगा। वरिष्ठ नेता सतीश जारकीहोली और के एन राजन्ना ने कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे पर चल रही कशमकश को जल्द से जल्द दूर करने के लिए कांग्रेस आलाकमान से अनुरोध दिया।
पीडब्ल्यूडी मंत्री जारकीहोली ने यहां संवाददाताओं से कहा 'केरल के मुख्यमंत्री के चयन के बाद हमारा मामला (कांग्रेस आलाकमान के समक्ष) दूसरा है। केरल के मुख्यमंत्री का मामला सुलझने के बाद वे कर्नाटक पर ध्यान देंगे। अभी थोड़ा और इंतजार करते हैं। आलाकमान को पार्टी के भीतर मौजूद (नेतृत्व के मुद्दे पर) मतभेदों और विवादों को सुलझाना चाहिए। वे इसे कैसे सुलझाते हैं, यह आलाकमान पर निर्भर है।'
जब जारकीहोली से पूछा गया कि क्या मुख्यमंत्री दिल्ली जाएंगे, तो उन्होंने कहा कि सिद्धरमैया तभी जाएंगे जब आलाकमान उन्हें बुलाएगा और ऐसा केरल के मुख्यमंत्री का मामला सुलझने के बाद ही होने की संभावना है।
शिवकुमार के समर्थक 2023 के विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के बाद मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के साथ हुए कथित सत्ता-साझा करने के समझौते के अनुसार उनकी पदोन्नति पर जोर दे रहे हैं। एजेंसी के मुताबिक, कुछ लोगों का तो यह भी दावा है कि शिवकुमार के जन्मदिन 15 मई तक 'खुशखबरी' मिलने की उम्मीद है।
केरल सीएम का आज हो सकता है ऐलान
गुरुवार को कांग्रेस केरल सीएम के नाम का ऐलान कर सकती है। दोपहर 1 बजे केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नए विधायकों की बैठक बुलाई है, जिसके बाद बड़ी घोषणा संभव है। खास बात है कि चुनाव के नतीजे घोषित होने के 10 दिनों के बाद भी अब तक नाम पर सहमति नहीं बन सकी है। इस रेस में केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीशन और रमेश चेन्नीथला का नाम आगे माना जा रहा है।




साइन इन