Mamata Banerjee TMC 60 out of 80 MLAs Didnt Reached for Meeting Sparks Uproar ममता बनर्जी के 80 में से 60 विधायक हो गए ‘गायब’, TMC की बैठक में पहुंचे ही नहीं; मचा हड़कंप, India News in Hindi - Hindustan
More

ममता बनर्जी के 80 में से 60 विधायक हो गए ‘गायब’, TMC की बैठक में पहुंचे ही नहीं; मचा हड़कंप

ममता बनर्जी के घर पर रविवार को अहम बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें TMC के विधायकों को बुलाया गया था, लेकिन 60 विधायक बैठक में पहुंचे ही नहीं। इससे मीटिंग रद्द कर दी गई।

Sun, 31 May 2026 07:12 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
ममता बनर्जी के 80 में से 60 विधायक हो गए ‘गायब’, TMC की बैठक में पहुंचे ही नहीं; मचा हड़कंप

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) में सबकुछ ठीक नहीं है। कई विधायक और सांसद नाराज बताए जा रहे हैं। इसको बल रविवार को तब और मिला, जब अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद ममता के घर होने वाली बैठक में 80 में से 60 विधायक पहुंचे ही नहीं। इससे हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार, ममता के घर पर रविवार को अहम बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें विधायकों को बुलाया गया था, लेकिन बैठक से 60 विधायक गायब रहे, जिससे उसे रद्द करना पड़ गया। हालांकि, बाद में पार्टी की ओर से सफाई पेश की गई कि अभिषेक और कल्याण बनर्जी पर हुए हमले के मामले में तमाम विधायक व्यस्त थे और यही वजह रही कि वे ममता की बैठक में नहीं पहुंचे।

एनडीटीवी ने टीएमसी के सूत्रों के हवाले से बताया कि यह बैठक पार्टी के विधायक दल के नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने ममता बनर्जी के घर पर बुलाई थी। काफी देर तक विधायकों का इंतजार किया गया, लेकिन जब वे नहीं पहुंचे तो आखिरकार बैठक ही रद्द करनी पड़ी। गैर-हाजिर रहे विधायकों से संपर्क भी नहीं हो पा रहा था। इसकी वजह से भी सवाल खड़े होने लगे हैं कि क्या टीएमसी में बड़ी फूट पड़ने वाली है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हेलमेट न होता तो मर सकते थे अभिषेक; भतीजे को घर लेकर गईं ममता, BJP पर कई आरोप

पिछले महीने हुए बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी को बड़ी हार का सामना करना पड़ा। खुद भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी चुनाव हार गईं। भाजपा ने कुल 208 सीटें जीतीं, जबकि टीएमसी को महज 80 सीटों से संतोष करना पड़ा। इस हार के बाद से ही दबी जुबान में ममता बनर्जी का और टीएमसी की पूर्व सरकार का खुलकर विरोध होने लगा। खुद टीएमसी के कई सांसद और विधायक अपनी ही पार्टी की पूर्व सरकार के खिलाफ आ गए और उसके कई फैसलों का विरोध किया। छह मई को ममता बनर्जी ने हार को लेकर एक बैठक बुलाई, जिसमें लगभग 10 विधायक पहुंचे ही नहीं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ममता का 36 साल पुराना 'हथियार' निकाल लाए अभिषेक, 2026 में 1990 जैसा करेगा काम?

हालांकि, पार्टी ने तब भी सफाई दी कि चिंता की कोई बात नहीं है और उन विधायकों ने पहले ही जानकारी दे दी थी। उन्हें उनके अपने क्षेत्रों में फैली अशांति के कारण वहीं रहने को कहा गया था। टीएमसी के कई सांसद जिसमें काकोली घोष भी शामिल हैं, ने भी खुलकर नाराजगी व्यक्त की और बारासात जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने ही पार्टी के सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ ऐक्शन लेने की भी मांग की। वहीं, हार के तुरंत बाद पार्टी के प्रवक्ता रहे रीजू दत्ता ने भी विरोध करना शुरू कर दिया, जिससे उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया। इसके बाद दत्ता ने खुलकर ममता और अभिषेक बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खाल दिया। वहीं, शांतनु सेन, अरूप चकवर्ती ने भी प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अभिषेक बनर्जी पर हमले के पीछे BJP? महुआ मोइत्रा ने सबूत के तौर पर पेश की 3 फोटो