ममता बनर्जी बना लेंगीं नया चुनावी चिह्न, TMC सांसद का बड़ा बयान; बागी गुट पर हुईं फायर
महुआ मोइत्रा का बागी विधायकों पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि ममता दीदी के करिश्मे पर पलने वाले ये नेता अब पार्टी का फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर बड़ा इल्जाम भी लगाया है।

पश्चिम बंगाल में सत्ता गंवाने के बाद तृणमूल कांग्रेस में आंतरिक कलह जारी है। पार्टी के बागी विधायकों के एक खेमे ने ऋतब्रत बनर्जी को अपना नेता चुन लिया है। बुधवार को ममता बनर्जी को तब बड़ा झटका लगा जब विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ बोस ने पार्टी से निष्कासित विधायक ऋतब्रत बंदोपाध्याय के नेतृत्व वाले 58 विधायकों वाले खेमे को मुख्य विपक्षी दल की मान्यता दे दी। अब इस पूरे मामले पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा का बयान सामने आया है। महुआ मोइत्रा ने बागी विधायकों पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि जिन नेताओं ने ममता बनर्जी के नाम पर मलाई खाई, वहीं आज पार्टी का फायदा उठा रहे हैं। मोइत्रा ने यह भी कहा कि बागी गुट को खुद को टीएमसी कहने का कोई अधिकार नहीं है।
महुआ मोइत्रा ने इंडिया टुडे के साथ एक इंटरन्यू के यह बातें कही हैं। उन्होंने बागी गुट के नेताओं और ऋतब्रत बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन नेताओं को सिर्फ सत्ता में बने रहने की आदत है इसलिए विपक्ष में संघर्ष करने की जगह 'सेफ रूट' चुन रहे हैं। बागी विधायकों को खरी-खोटी सुनाते हुए महुआ मोइत्रा ने कहा, “ये लोग किसी काम के नहीं हैं। पार्टी में रहकर सिर्फ ममता दीदी के करिश्मे के भरोसे आगे बढ़ते रहे और पार्टी का फायदा उठाते रहे। जाना है तो आज ही जाइए। ‘ऋतब्रत कांग्रेस’ में शामिल हो जाइए या जो मन आए वो करिए।” उन्होंने कहा, “लेकिन खुद को तृणमूल कांग्रेस मत कहना।”
भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप
इस दौरान महुआ मोइत्रा ने भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया। मोइत्रा ने कहा कि टीएमसी को तोड़ने के लिए भाजपा साजिश कर रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कभी तृणमूल के सिपाही हुआ करते थे, इसलिए उन्हें हर एक विधायक की कमजोरी अच्छी तरह पता है और भाजपा इसका ही फायदा उठा रही है।
महुआ मोइत्रा ने इसे साबित करने के लिए कुछ नाम भी गिनवा दिए। महुआ का आरोप है कि सबीना यास्मिन को और जावेद खान जैसे नेताओं को गिरफ्तारी की धमकियां दी गईं। उन्होंने कहा, “सबीना यास्मिन उन्होंने डराया गया कि मोताबारी हिंसा के मामले में एनआईए उन्हें पकड़ लेगी।। जावेद खान को धमकी दी गई कि इलाके में अवैध निर्माण के मामले में उन्हें और उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” मोइत्रा ने कहा कि इन नेताओं को 15 साल तक सत्ता में रहने के बाद विपक्ष में बैठने की हिम्मत नहीं है।
नया सिंबल बना लेंगी ममता बनर्जी?
पार्टी में मचे इस घमासान के बावजूद महुआ मोइत्रा ने साफ किया कि टीएमसी बिखर नहीं रही है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी और उनका कोर ग्रुप ही असली पार्टी है और वे मिलकर नए सिरे से शुरुआत करेंगे। वहीं चुनाव आयोग द्वारा बागी गुट को मान्यता दिए जाने और सिंबल छिनने के खतरे पर महुआ ने कहा, "जब ममता बनर्जी ने कांग्रेस छोड़ी थी, तब उन्होंने सिर्फ एक पेन और कागज उठाकर खुद यह सिंबल बनाया और जीत हासिल की। जो महिला खुद अपना सिंबल बनाकर लड़ सकती है और तीन बार मुख्यमंत्री बन सकती है, वह दोबारा लड़कर नया सिंबल भी बना लेगी। हमें कोई परवाह नहीं है, वे कोई भी तस्वीर या सिंबल ले लें, वे कभी तृणमूल कांग्रेस नहीं बन पाएंगे।"




साइन इन