Maharashtra heat wave alert IMD issues heatwave warning akola maximum temperatue रुलाने लगी गर्मी, तापमान 44 पार; महाराष्ट्र में हीट वेव का अलर्ट; कब तक मिलेगी राहत?, India News in Hindi - Hindustan
More

रुलाने लगी गर्मी, तापमान 44 पार; महाराष्ट्र में हीट वेव का अलर्ट; कब तक मिलेगी राहत?

देश में कई जगहों पर गर्म और उमस भरा मौसम देखने को मिल सकता है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और खुद को गर्मी से सुरक्षित रखें।

Thu, 16 April 2026 01:04 PMJagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share
रुलाने लगी गर्मी, तापमान 44 पार; महाराष्ट्र में हीट वेव का अलर्ट; कब तक मिलेगी राहत?

उत्तर भारत समेत पूरे देश में अब प्रचंड गर्मी ने दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों के लिए तापमान बढ़ने को लेकर चेतावनी जारी की है। इस बीच महाराष्ट्र के कई हिस्से बुधवार को देश के सबसे गर्म स्थान रहे। इसके बाद IMD ने महाराष्ट्र में हीट वेव की चेतावनी जारी की है। अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में लू जैसी स्थिति और उमस भरा मौसम रहने की आशंका जताई गई है। वहीं प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

राज्य के विदर्भ क्षेत्र के अकोला शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा। अकोला के अलावा, राज्य के तीन अन्य शहर अमरावती (44 डिग्री), वर्धा (43.9 डिग्री) और नागपुर (43.4 डिग्री) भी देश के सर्वाधिक गर्म स्थानों की सूची में शामिल रहे। आईएमडी नागपुर के वैज्ञानिक डॉ प्रवीण कुमार ने पीटीआई को बताया कि अकोला पिछले दो-तीन दिनों से देश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगले पांच दिनों में विदर्भ के अकोला, अमरावती, वर्धा, नागपुर, यवतमाल, वाशिम, बुलढाणा, चंद्रपुर और भंडारा जिलों में लू की स्थिति गंभीर हो सकती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कल का मौसम, 15 अप्रैल: नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, बारिश और आंधी की चेतावनी

धूप से बचने की सलाह

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान में काफी बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र में 15 से 18 अप्रैल के बीच, मराठवाड़ा में 16 से 18 अप्रैल तक, विदर्भ में 15 से 19 अप्रैल तक और कोंकण क्षेत्र में 15 से 17 अप्रैल के बीच कुछ जगहों पर गर्म और उमस भरा मौसम देखने को मिल सकता है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और खुद को गर्मी से सुरक्षित रखें।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मॉनसून 2026 पर IMD की डराने वाली भविष्यवाणी, सामान्य से भी कम होगी बारिश

कब तक मिलेगी राहत?

डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया है कि अगले चार-पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और विदर्भ में तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। उन्होंने बताया, “इसका मुख्य कारण महाराष्ट्र और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर और उससे अधिक की ऊंचाई पर बना हवा के ऊंचे दबाव का एक क्षेत्र (एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन) है। यह एक 'गर्म ढक्कन' की तरह काम कर रहा है, जो जमीन की तपिश को ऊपर नहीं जाने देता और उसे नीचे ही दबाकर रखता है। इसकी वजह से बादल नहीं बन पा रहे हैं और सूरज की सीधी किरणों के कारण पारा लगातार चढ़ रहा है।" हालांकि, 21 अप्रैल से तापमान में गिरावट की संभावना है।

अन्य राज्यों में भी चेतावनी

मौसम विभाग ने बताया कि देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है और लू चलने की संभावना है। तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम राजस्थान जैसे इलाकों में 15 से 20 अप्रैल के बीच लू चलने का अनुमान है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP Weather: अप्रैल में बांदा का तापमान 44.8 डिग्री,मई-जून में गर्मी का सितम बाकी

पूर्वोत्तर में हो सकती है बारिश

इस बीच, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, में 15 से 18 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और बदलते मौसम के अनुसार जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है।