केरल में सतीशन कैबिनेट तैयार! चेन्निथला समेत इन नेताओं को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी, जानें किसे क्या मिलेगा
कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे ने केरल में नए 21 सदस्यीय मंत्रिमंडल के गठन को अंतिम रूप दे दिया है। मुख्यमंत्री पद के लिए नामित वीडी सतीशन सोमवार को शपथ ग्रहण करेंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को आज ही मंत्रियों की अंतिम सूची सौंपे जाने की संभावना है।

कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (UDF) ने केरल में नए 21 सदस्यीय मंत्रिमंडल के गठन को अंतिम रूप दे दिया है। मुख्यमंत्री पद के लिए नामित वीडी सतीशन सोमवार को शपथ ग्रहण करेंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को आज ही मंत्रियों की अंतिम सूची सौंपे जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, 18 मई को एक ही समारोह में सतीशन सहित सभी 20 मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। यह शपथ समारोह विधानसभा चुनाव के बाद यूडीएफ की सत्ता में वापसी को औपचारिक रूप से दर्ज कराएगा। कई दिनों तक चली गुप्त वार्ताओं और मैराथन बैठकों के बाद शनिवार को तिरुवनंतपुरम में गठबंधन के शीर्ष नेताओं ने अहम बैठकें कीं। इनमें मंत्री पदों के बंटवारे, विभागों के आवंटन और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर अंतिम सहमति बनी।
क्या होगा मंत्रिमंडल का फॉर्मूला
सामने आ रहे फॉर्मूले के अनुसार, कैबिनेट में कांग्रेस के 11, आईयूएमएल के 5 मंत्री शामिल होंगे। बाकी पद केरल कांग्रेस के विभिन्न धड़ों तथा अन्य सहयोगी दलों, आरएसपी, केसी-जे, केसी-आई, आरएमपी और सीएमपी को दिए जाएंगे। कांग्रेस विधानसभा स्पीकर का पद अपने पास रखने की तैयारी में है, जबकि केरल कांग्रेस को मुख्य सचेतक और उपाध्यक्ष का पद मिलने की संभावना है।
चेन्निथला को गृह-विजिलेंस विभाग
कांग्रेस वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला के कैबिनेट में शामिल होने पर पूरी तरह सहमति बन गई है। उन्हें गृह तथा सतर्कता (विजिलेंस) विभाग दिए जाने की संभावना है। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस के आंतरिक मतभेदों को दूर करने के लिए चेन्निथला की पुरानी मांग को मान लिया गया है। इतना ही नहीं, मंत्रिमंडल में सामाजिक समीकरण पर खास ध्यान रखा गया है। एक महिला विधायक, एक दलित प्रतिनिधि, एक लैटिन कैथोलिक नेता और एक पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे को शामिल किए जाने की तैयारी है। इसके अलावा, आईसी बालकृष्णन के नाम पर भी गंभीर चर्चा चल रही है।
क्या बोले कांग्रेस नेता शफी परम्बिल?
कांग्रेस नेता शफी परम्बिल ने रविवार को कहा कि शपथ ग्रहण से कुछ घंटे पहले ही यूडीएफ सरकार की मंत्रिमंडल सूची जारी कर दी जाएगी। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि एक दशक बाद सत्ता में लौटने के बाद नई सरकार जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने पर पूरा ध्यान देगी। उन्होंने कहा कि लोगों ने हमें अवसर दिया है, अब हम उनकी जरूरतें पूरी करेंगे। इस दौरान परम्बिल ने यह भी बताया कि पार्टी आंतरिक और गठबंधन सहयोगियों के साथ मंत्रिमंडल गठन को लेकर चर्चा अंतिम चरण में है। बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी भूमिका पर कुछ भी बोलने इनकार कर दिया और कहा कि उनका ध्यान संगठनात्मक कार्यों पर है।
दूसरी ओर आईयूएमएल के राज्य महासचिव पीएमए सलाम ने कहा कि मंत्रियों की सूची रविवार शाम 4 बजे से पहले राज्यपाल को सौंप दी जाएगी। इसके बाद गठबंधन आधिकारिक रूप से नामों का ऐलान करेगा। सलाम ने आईयूएमएल की पांच सीटों को गठबंधन में पार्टी की अहम भूमिका का संकेत बताया।
शपथ ग्रहण की तैयारी
सोमवार को वीडी सतीशान मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले दिन में उन्होंने तिरुवनंतपुरम स्थित केपीसीसी कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में राज्य कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ और यूडीएफ संयोजक अडूर प्रकाश भी मौजूद थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की संभावना है।




साइन इन