What is KC Venugopal Sole Wish He revealed it after failing to become the Chief Minister of Kerala क्या है केसी वेणुगोपाल की एकमात्र इच्छा, केरल का मुख्यमंत्री नहीं बन पाने के बाद बताया, India News in Hindi - Hindustan
More

क्या है केसी वेणुगोपाल की एकमात्र इच्छा, केरल का मुख्यमंत्री नहीं बन पाने के बाद बताया

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि मेरी एकमात्र इच्छा एक कांग्रेसी के तौर पर ही मरने की है। मुझे लगता है कि मैंने कल ही सब कुछ साफ कर दिया था, जिसमें किसी भी तरह के शक की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी थी।

Fri, 15 May 2026 09:44 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, तिरुवनंतपुरम
share
क्या है केसी वेणुगोपाल की एकमात्र इच्छा, केरल का मुख्यमंत्री नहीं बन पाने के बाद बताया

केरल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उनके और कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली थी। हालांकि, शुरुआत में केसी का पलड़ा भारी माना जा रहा था, लेकिन आखिरी समय में वीडी सतीशन ने बाजी मारी और अब मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। इसके बाद केसी वेणुगोपाल ने पत्रकारों से बात करते हुए अपनी एकमात्र इच्छा बताई है। उन्होंने कहा है कि उनकी एकमात्र इच्छा एक कांग्रेसी के तौर पर ही मरने की है।

तिरुवनंतपुरम में केरल कैबिनेट में पद मिलने की अटकलों पर कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा, “मेरी एकमात्र इच्छा एक कांग्रेसी के तौर पर ही मरने की है। मुझे लगता है कि मैंने कल ही सब कुछ साफ कर दिया था, जिसमें किसी भी तरह के शक की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी थी। बस इतना ही। कांग्रेस पार्टी एकजुट रहेगी, और यूडीएफ भी एकजुट रहेगा। हम केरल की जनता को सुशासन देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।”

आलाकमान का फैसला स्वीकार्य: वेणुगोपाल

कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि केरल के मुख्यमंत्री के तौर पर वी डी सतीशन के चयन का फैसला सभी को स्वीकार्य है और वह नई सरकार को अपना पूरा समर्थन देंगे। मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल रहे वेणुगोपाल ने सतीशन को बधाई दी। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उन्होंने शुरू से ही यह स्पष्ट कर दिया था कि वह कांग्रेस के फैसले को स्वीकार करेंगे, चाहे वह कुछ भी हो क्योंकि पार्टी ही उनके लिए सब कुछ है।

'विनम्रतापूर्वक फैसले को स्वीकार करता हूं'

उन्होंने कहा, ''मैं विनम्रतापूर्वक पार्टी आलाकमान के फैसले को स्वीकार करता हूं और इसके कार्यान्वयन के लिए काम करूंगा। मैं एक वफादार कांग्रेसी हूं। मेरे लिए पार्टी ही सब कुछ है। मैं पार्टी की कीमत पर अपनी छवि नहीं बढ़ाना चाहता। मैं अंतिम सांस भी पार्टी के झंडे में लिपटे हुए लेना चाहता हूं। केरल में सरकार को पूरा समर्थन दूंगा।'' उन्होंने इस सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया कि क्या केरल का मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने की एवज में पार्टी ने उनसे कोई वादा किया है। वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व ने कई कारकों के आधार पर और सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद निर्णय लिया।