Kerala cabinet meeting CM VD Satheesan announced free bus travel for women special department for elderly केरल की नई सरकार का पहला बड़ा ऐक्शन: इनकी बढ़ी सैलरी, महिलाओं को फ्री बस सेवा; और भी बहुत कुछ, India News in Hindi - Hindustan
More

केरल की नई सरकार का पहला बड़ा ऐक्शन: इनकी बढ़ी सैलरी, महिलाओं को फ्री बस सेवा; और भी बहुत कुछ

मुख्यमंत्री वीडी सतीशन की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की पहली बैठक में 15 जून से केएसआरटीसी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में भारी बढ़ोतरी तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग विभाग गठन जैसे अहम फैसले लिए गए।

Mon, 18 May 2026 04:15 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share
केरल की नई सरकार का पहला बड़ा ऐक्शन: इनकी बढ़ी सैलरी, महिलाओं को फ्री बस सेवा; और भी बहुत कुछ

केरल में नवगठित कांग्रेस नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) सरकार ने सोमवार को कैबिनेट की पहली बैठक में कई बड़े कल्याणकारी फैसले लिए। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने इन फैसलों की घोषणा करते हुए महिलाओं को 15 जून से केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बसों में मुफ्त यात्रा, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग विभाग गठन जैसे अहम ऐलान किए।

मुख्यमंत्री सतीशन ने कहा कि महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना के विस्तृत दिशानिर्देश जल्द जारी किए जाएंगे। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग विभाग बनाने को देश की पहली ऐसी पहल बताया। सतीशन ने कहा कि किसी समाज का मूल्यांकन उसके बुजुर्गों के साथ किए जाने वाले व्यवहार से होता है। वरिष्ठ नागरिकों की सम्मानजनक देखभाल सुनिश्चित कर केरल को आदर्श सभ्य समाज बनाना हमारा लक्ष्य है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:केरल के नए सीएम के शपथ ग्रहण में क्यों नहीं पहुंचे शशि थरूर? खुद ही बताई वजह

मानदेय में बढ़ोतरी

मंत्रिमंडल ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 3000 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि को मंजूरी दे दी। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्कूल रसोइया कर्मचारियों, पूर्व-प्राथमिक शिक्षकों और आयाओं के मानदेय में भी 1000 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की गई।

अन्य अहम फैसले

  • वरिष्ठ विधायक जी सुधाकरन को अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) के रूप में नामित किया गया।
  • विधायकों का शपथ ग्रहण 21 मई को और विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव 22 मई को होगा।
  • वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव बाबू को महाधिवक्ता (एडवोकेट जनरल) नियुक्त किया गया, जबकि टीएस आसफ अली को अभियोजन महानिदेशक बनाया गया।
  • अलाप्पुझा में पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान दो युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कथित हमले के मामले की फिर से जांच के लिए SIT गठित करने का फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अदालत के आदेश का पालन मात्र है।

वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र

मुख्यमंत्री सतीशन ने कहा कि राज्य की वित्तीय स्थिति पर विस्तृत श्वेत पत्र जारी किया जाएगा। उन्होंने लोकपाल, राज्य चुनाव आयोग और पीएससी सदस्यों की नियुक्तियों के संबंध में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को शीघ्र सूचित करने की बात कही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कौन हैं केरल के नए CM वीडी सतीशन, इतने करोड़ की संपत्ति के हैं मालिक

शपथ ग्रहण समारोह

बता दें कि कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने आज ( सोमवार ) सुबह केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल ने सतीशन सहित 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल को शपथ दिलाई। समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल समेत कई शीर्ष नेता मौजूद रहे। गौरतलब है कि 2026 के विधानसभा चुनावों में भारी जीत के बाद यूडीएफ ने दस साल बाद सत्ता में वापसी की है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:वीडी सतीशन बने केरल के मुख्यमंत्री, राहुल ने लगाया गले, खड़गे-प्रियंका भी मौजूद