कौन हैं केरल के नए CM वीडी सतीशन, इतने करोड़ की संपत्ति के हैं मालिक
सतीशन केरल की पिछली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे। केरल विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत के पीछे अहम भूमिका निभाने वाले सतीशन ने चुनाव से ठीक पहले वादा किया था कि अगर कांग्रेस के नेतृत्व वाला UDF निर्णायक जीत हासिल नहीं करेगा, तो वह 'राजनीतिक वनवास' ले लेंगे।

90 के दशक में चुनावी पारी की शुरुआत करने वाले कांग्रेस दिग्गज वीडी सतीशन अब केरल की सत्ता के शिखर पर हैं। लंबी खींचतान के बाद कांग्रेस आलाकमान ने उनके नाम पर भरोसा जताया था। उन्होंने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। साथ ही उनके केरल मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले 20 और मंत्रियों ने भी शपथ ली है।
सतीशन केरल की पिछली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे। केरल विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत के पीछे अहम भूमिका निभाने वाले सतीशन ने चुनाव से ठीक पहले वादा किया था कि अगर कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) निर्णायक जीत हासिल नहीं करेगा, तो वह 'राजनीतिक वनवास' ले लेंगे।
कौन हैं वीडी सतीशन
एर्नाकुलम जिले के नेट्टूर निवासी सतीशन की राजनीति में शुरुआती पकड़ एसएच कॉलेज, थेवरा में छात्र राजनीति में सक्रियता के जरिये बनी और बाद में उन्होंने महात्मा गांधी विश्वविद्यालय में छात्र नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन में एक पदाधिकारी के रूप में उनके कार्यकाल ने कांग्रेस के संगठन में उनकी पहुंच और पहचान को मजबूती दी।
उच्च न्यायालय में वकालत करने वाले सतीशन का चुनावी सफर 1990 के दशक के मध्य में परवूर विधानसभा क्षेत्र से एक हार के साथ शुरू हुआ, लेकिन उन्होंने इस असफलता को जल्द ही एक नए अवसर में बदल दिया। अपने अगले प्रयास में उन्होंने शानदार जीत हासिल की और इसके बाद लगातार इस सीट को बरकरार रखते हुए दो दशक से अधिक समय में मजबूत जमीनी पकड़ बनाई।
KPCC से AICC तक
पार्टी के भीतर उन्होंने संगठनात्मक भूमिकाएं भी निभाई हैं, जिनमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव और केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जैसे पद शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के करुणाकरण के समर्थक रहे सतीशन ने परवूर से 2006, 2011, 2016 और 2021 में लगातार जीत दर्ज की। इस प्रकार विधानसभा की राजनीति में उनका 25 वर्षों से अधिक का सफर तय हुआ है। उन्होंने वर्ष 2021 के चुनाव में 21,301 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
कितने अमीर हैं केरल के नए सीएम
ADR यानी एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की रिपोर्ट के अनुसार, सतीशन की कुल संपत्ति 6 करोड़ 65 लाख 64 हजार 170 है। उन्होंने एर्नाकुलम जिले की परवूर सीट 2026 विधानसभा चुनाव में बरकरार रखी और पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे अचानक आई लहर के बजाय एक शांत और सोच-समझकर की गई वापसी बताया। केरल में 140 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव नौ अप्रैल को हुए थे, जिनके परिणाम चार मई को घोषित किए गए। कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF ने 102 सीट जीतीं, जबकि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को 35 और भाजपा को तीन सीट मिलीं।
ये नेता हुए शामिल
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत अन्य लोग शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित थे। कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, वामपंथी नेता और BJP के प्रतिनिधि भी समारोह में शामिल हुए। इस कार्यक्रम के लिए केरल भर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य की राजधानी पहुंचे।




साइन इन