Kashmir People Donated Gold Cash War Torn Iran says Thanks India कितनी खूबसूरत ये तस्वीर है; कश्मीरी बच्चों ने दान किए गुल्लक, ईरान बोला शुक्रिया-हम भूलेंगे नहीं, India News in Hindi - Hindustan
More

कितनी खूबसूरत ये तस्वीर है; कश्मीरी बच्चों ने दान किए गुल्लक, ईरान बोला शुक्रिया-हम भूलेंगे नहीं

युद्ध की वीभिषिका से जूझ रहे ईरान के लिए कश्मीर से मदद का हाथ बड़ा है। कश्मीर के कुछ इलाकों में लोगों ने ईरान के राहत कोष के लिए नकद, सोना और तांबे के बर्तनों समेत कई चीजें दान की हैं। यहां तक कि कुछ बच्चों ने अपनी गुल्लक तक दान कर दी है।

Mon, 23 March 2026 03:03 PMDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
कितनी खूबसूरत ये तस्वीर है; कश्मीरी बच्चों ने दान किए गुल्लक, ईरान बोला शुक्रिया-हम भूलेंगे नहीं

युद्ध की वीभिषिका से जूझ रहे ईरान के लिए कश्मीर से मदद का हाथ बड़ा है। कश्मीर के कुछ इलाकों में लोगों ने ईरान के राहत कोष के लिए नकद, सोना और तांबे के बर्तनों समेत कई चीजें दान की हैं। यहां तक कि कुछ बच्चों ने अपनी गुल्लक तक दान कर दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दान के लिए आभार व्यक्त करते हुए, ईरानी दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहाकि दयालुता का यह काम कभी नहीं भुलाया जाएगा। ईद के अगले दिन, घाटी के शिया बहुल इलाकों में रविवार को युवा ईरान में पश्चिम एशिया युद्ध से प्रभावित लोगों के लिए चंदा इकट्ठा करने के लिए घर-घर गए। रैनावारी निवासी एजाज अहमद ने चंदा जुटाने के दौरान कहाकि इजरायल की यहूदी सरकार और उसके समर्थकों द्वारा ईरान पर थोपे गए इस अवैध युद्ध से भारी तबाही मची है। सभ्य दुनिया कम से कम इतना तो कर ही सकती है कि ईरान के पीड़ित लोगों को सहायता भेजे।

महिलाओं-बच्चों ने भी किया दान
अधिकारियों ने बताया कि दान अभियान में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों समेत समाज के सभी वर्गों के लोगों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से महिलाओं ने आगे आकर उदारतापूर्वक सोने के आभूषण, तांबे के बर्तन और अन्य मूल्यवान घरेलू सामान दान किए हैं तथा कुछ परिवारों ने पशुधन भी दान किया है। अधिकारियों के अनुसार, बच्चों ने भी अपनी बचत और जेब खर्च दान करके अपना योगदान दिया। यह दान विशेष रूप से बडगाम और बारामूला में एकत्र किया गया है, जहां अच्छी खासी शिया आबादी है। उन्होंने बताया कि एकत्रित दान राशि को ईरानी दूतावास समेत सरकारी राहत संगठनों के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा।

दूतावास ने पोस्ट की तस्वीरें-वीडियो
दान की तस्वीरें साझा करते हुए, ईरानी दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया। इसके साथ कैप्शन में लिखा है कि कृतज्ञता से भरे हृदय से, हम कश्मीर के दयालु लोगों का तहे दिल से आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने मानवीय सहायता और हार्दिक एकजुटता के माध्यम से ईरान के लोगों का साथ दिया; इस दयालुता को हम कभी नहीं भूलेंगे। दूतावास ने लिखा, ‘हम आपकी दयालुता और मानवता को कभी नहीं भूलेंगे। धन्यवाद, भारत।’ दूतावास द्वारा साझा किए गए वीडियो में एक महिला को अपने दिवंगत पति की याद में संभालकर रखा गया सोना दान करते हुए और बच्चों को अपनी गुल्लक सौंपते हुए देखा गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:LPG संकट के बीच गुड न्यूज, नौसेना होर्मुज से निकाल लाई 2 और जहाज; ईरान कैसे माना
ये भी पढ़ें:ईरान पर बड़ा हमला करेगा अमेरिका? आज ही खत्म हो रही ट्रंप की 48 घंटे वाली डेडलाइन
ये भी पढ़ें:युद्ध ने पाक का निकाला दिवाला, पेट्रोल 300 रुपए लीटर; तेल के लिए लगी लंबी लाइनें

पीडीपी विधायक ने दिया एक माह का वेतन
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और मुख्य प्रवक्ता तनवीर सादिक ने इस पहल को मानवता की मिसाल बताते हुए कहा कि गांवों से लेकर शहरों तक लोगों का आगे आना सामूहिक संवेदनशीलता और करुणा को दर्शाता है। उन्होंने अपील की कि दान करें, लेकिन उसका प्रदर्शन न करें।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के विधायक मुन्तज़िर मेहदी ने राहत प्रयासों के लिए अपना एक माह का वेतन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में ईरान के लोगों के साथ खड़ा होना जरूरी है। जम्मू-कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के नेता और ऑल जम्मू-कश्मीर शिया एसोसिएशन के अध्यक्ष इमरान अंसारी ने कहा कि विशेष रूप से शिया समुदाय ने बड़ी संख्या में भागीदारी की है और इसे नैतिक व धार्मिक कर्तव्य के रूप में देखा जा रहा है।