कर्नाटक में नहीं हैं राज्यपाल, CM सस्पेंस के बीच अर्जेंट फ्लाइट लेकर निकले; आगे क्या
बेंगलुरु में मीडिया को संबोधित करते हुए राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि कांग्रेस नेता पार्टी आलाकमान की तरफ से कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला के माध्यम से दिए गए किसी भी फैसले का पालन करेंगे।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री को लेकर गुरुवार को बड़ा फैसला हो सकता है। अटकलें हैं कि सिद्धारमैया पद से इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर उन्होंने आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है। इसी बीच खबरें ये भी हैं कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत राजधानी बेंगलुरु में नहीं हैं। ऐसे में सिद्धारमैया की राज्यपाल से संभावित बैठक पर स्थिति साफ नहीं हो सकी है। माना जा रहा है कि सीएम पद डीके शिवकुमार को मिल सकता है। फिलहाल, कांग्रेस ने इसकी घोषणा नहीं की है।
अचानक रवाना हुए राज्यपाल
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, गहलोत फिलहाल बेंगलुरु में नहीं हैं। राज्यपाल कथित तौर पर बुधवार रात 11 बजाकर 30 मिनट की फ्लाइट लेकर मुंबई के लिए रवाना हो गए थे। दरअसल, इसकी वजह फैमिली इमरजेंसी बताई जा रही है। हालांकि, उन्होंने सार्वजनिक रूप से इस यात्रा की वजह नहीं बताई है। कहा जा रहा है कि उनके लौटने की फ्लाइट अभी बुक नहीं है।
आगे क्या
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि इसके बाद भी सिद्धारमैया राज्यपाल के दफ्तर में इस्तीफा दे देंगे। पहले संभावनाएं जताई जा रही थीं कि सिद्धारमैया सुबह 11 बजे इस्तीफा दे सकते हैं और राज्यपाल से मुलाकात कर सकते हैं। खास बात है कि गुरुवार को उन्होंने विधायकों की बैठक बुलाई है। हालांकि, इस ब्रेकफास्ट मीटिंग का एजेंडा अब तक साफ नहीं हुआ है।
इस बैठक को राजनीतिक अटकलों के इस दौर में आंतरिक तालमेल को मजबूत करने के एक अहम प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। इस घटनाक्रम को और गति देते हुए उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने दिल्ली में अपना प्रवास बढ़ा दिया है। अब उनका बेंगलुरु लौटना गुरुवार सुबह के लिए निर्धारित किया गया है। उनकी इस बदली हुई यात्रा योजना ने राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस नेतृत्व के साथ अंतिम क्षणों के विचार-विमर्श को लेकर अटकलों को और हवा दे दी है।
दिल्ली आ सकते हैं कांग्रेस नेता
ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला पिछले 24 घंटों में दिल्ली में हुई कई उच्च-स्तरीय बैठकों के बाद बेंगलुरु आ सकते हैं। बेंगलुरु में मीडिया को संबोधित करते हुए राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि कांग्रेस नेता पार्टी आलाकमान की तरफ से कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला के माध्यम से दिए गए किसी भी फैसले का पालन करेंगे। उन्होंने संकेत दिया कि सुरजेवाला के जल्द ही शहर पहुंचने की उम्मीद है और नेतृत्व के मामलों पर स्पष्टता उनके आने के बाद ही सामने आएगी।




साइन इन