भारत भूलता नहीं है, पहलगाम अटैक की बरसी से पहले बोली सेना; ऑपरेशन सिंदूर याद दिलाया
राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि भारत किसी को परेशान नहीं करता, लेकिन देश पर हमला करने वालों को बख्शता नहीं है। भारत ने पहलगाम हमले के जवाब में 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत की थी। आइए जानते हैं अब भारतीय सेना ने क्या कहा है।

पहलगाम हमले की बरसी से पहले भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र कर दुश्मनों को चेतावनी जारी कर दी है। सेना ने मंगलवार को कहा कि जब सीमाएं लांघी जाती हैं, तो करारा जवाब दिया जाता है। इससे पहले भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी ऑपरेशन सिंदूर को याद रखने की बात कह चुके हैं। जम्मू और कश्मीर में बीते साल आतंकवादियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसके जवाब में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर का आगाज किया था और पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादियों के कई अहम ठिकानों पर हमले किए थे।
सेना ने याद दिलाया ऑपरेशन सिंदूर
भारतीय सेना ने मंगलवार को एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें लिखा है, ‘कुछ सीमाओं को कभी पार नहीं किया जाना चाहिए। भारत भूलता नहीं है।’ सेना ने कहा, 'जब मानवता की सीमाएं पार कर दी जाती हैं, तो उसका करारा जवाब दिया जाता है। न्याय हुआ। भारत एकजुट है।'
राजनाथ सिंह ने भी दी थी वॉर्निंग
राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि भारत किसी को परेशान नहीं करता, लेकिन देश पर हमला करने वालों को बख्शता नहीं है। उन्होंने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए राधापुरम में भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित एक रोड शो को संबोधित करते हुए कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर-याद रखिए, हम किसी को परेशान नहीं करते, लेकिन अगर कोई हमें परेशान करेगा तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। इंतजार कीजिए, आपकी महत्वाकांक्षाएं जरुर पूरी होंगी, मैं आपको भरोसा दिलाता हूं।'
ऑपरेशन सिंदूर
भारत ने पहलगाम हमले के जवाब में 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत की थी। इसके तहत पाकिस्तान में प्रवेश कर सेना ने कई आतंकवादी ठिकानों को तबाह कर दिया था। बाद में पाकिस्तान ने भी भारतीय कार्रवाई की बात स्वीकार की थी। हालांकि, जवाब में पाकिस्तान की तरफ से भी एक्शन लिया गया था, लेकिन भारतीय सेना ने सारे प्रयास विफल कर दिए थे।
पाकिस्तान पर करने वाले थे हमला
अप्रैल की शुरुआत में नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने बताया कि भारतीय नौसेना समुद्र से पाकिस्तान पर कुछ ही मिनट में हमला करने वाली थी, लेकिन पाकिस्तान ने सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया था। उन्होंने अभियान में नौसेना की भूमिका पर कहा, 'यह अब कोई छिपी हुई बात नहीं है कि जब पाकिस्तान ने सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया, तब हम समुद्र से उस पर कुछ ही मिनट में हमला करने वाले थे।'
भारत ने बढ़ाया रक्षा बजट
बजट 2026 की घोषणा के बाद रक्षा मंत्रालय ने बताया था, 'ऑपरेशन सिंदूर के बाद केंद्रीय बजट में, रक्षा सेवाओं को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 7.85 लाख करोड़ रुपये की बहुत बड़ी राशि मिली है। यह पैसा अगले साल की अनुमानित जीडीपी का 2% है और पिछले साल (2025-26) के बजट अनुमान से 15.19% की बड़ी बढ़ोतरी दिखाता है। कुल रक्षा बजट केंद्र सरकार के पूरे खर्च का 14.67 प्रतिशत है और सभी मंत्रालयों में सबसे ज्यादा है।'




साइन इन