indian railways train fire sabotage plot revealed rpf investigation बंगाल से लेकर राजस्थान तक, कौन लगा रहा ट्रेनों में आग? रेलवे को बहुत बड़ी साजिश की आशंका, India News in Hindi - Hindustan
More

बंगाल से लेकर राजस्थान तक, कौन लगा रहा ट्रेनों में आग? रेलवे को बहुत बड़ी साजिश की आशंका

भारतीय रेलवे ने खुलासा किया है कि हाल ही में ट्रेनों में लगी आग कोई हादसा नहीं, बल्कि 'असामाजिक तत्वों' की गहरी साजिश है। हावड़ा, कोटा और रतलाम हादसों की RPF कर रही है जांच। सफर से पहले पढ़ें रेलवे का ये बड़ा अलर्ट।

Wed, 20 May 2026 01:44 PMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
बंगाल से लेकर राजस्थान तक, कौन लगा रहा ट्रेनों में आग? रेलवे को बहुत बड़ी साजिश की आशंका

भारतीय रेलवे ने हाल के दिनों में ट्रेनों में अचानक आग लगने की घटनाओं को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। रेलवे ने बुधवार को इन हादसों को महज इत्तेफाक या तकनीकी खराबी मानने के बजाय, इसके पीछे किसी 'साजिश' की गहरी आशंका जताई है। आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया गया है कि अब तक हुई जांच के नतीजे 'असामाजिक तत्वों' की संलिप्तता की ओर साफ इशारा कर रहे हैं। इस अहम खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियों और रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है।

रडार पर हैं ये 4 बड़े मामले

रेलवे प्रशासन ने खासतौर पर चार अलग-अलग जगहों पर हुई घटनाओं का जिक्र किया है, जिन्होंने सुरक्षा तंत्र की नींद उड़ा दी है। इनमें राजस्थान के अमरपुरा और कोटा में सामने आई घटनाएं शामिल हैं। इसके अलावा, बिहार के सासाराम और पश्चिम बंगाल के हावड़ा में भी ट्रेनों में भड़की आग ने इस शक को और पुख्ता कर दिया है कि इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश हो सकती है। रेलवे का कहना है कि इन सभी घटनाओं को 'बेहद गंभीरता' से लिया जा रहा है। अमरपुरा में जहां ट्रेन के बेडरोल (कंबल-चादर) में आग लगाने की कोशिश की गई, वहीं हावड़ा की घटना में तो कोच के बाथरूम से पेट्रोल से सना हुआ एक कपड़ा बरामद हुआ है, जिसने साजिश के शक को और पुख्ता कर दिया है।

कोटा और सासाराम में भी दिखी खौफनाक मंशा

इसी तरह, कोटा में एक राजधानी एक्सप्रेस के बाथरूम से लपटें उठती देखी गईं। वहीं, बिहार के सासाराम स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 पर खड़ी सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के एक खाली कोच में किसी अज्ञात शख्स ने कोई जलती हुई चीज फेंक दी। हालांकि, शुरुआती जांच में सासाराम की घटना के पीछे शॉर्ट सर्किट का अंदेशा जताया गया था, लेकिन अब इसमें भी तोड़फोड़ का एंगल सामने आ रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:रेलवे कर्मचारियों के लिए पेंशन नियमों में बड़ा बदलाव, नए नियम तुरंत लागू

रतलाम में धू-धू कर जली थी राजधानी एक्सप्रेस

रेलवे का यह बयान मध्य प्रदेश के रतलाम में दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एक एसी कोच में लगी भीषण आग के कुछ दिनों बाद आया है। विक्रमगढ़ आलोट और लूनी ऋचा स्टेशनों के बीच सुबह करीब 5:15 बजे ट्रेन के बी-1 (B-1) कोच में आग भड़क उठी थी। इस कोच में 68 यात्री सवार थे। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं आई।

आग इतनी भयंकर थी कि अलग किए गए डिब्बे से आसमान में काले धुएं का भारी गुबार छा गया और लपटें रेलवे ट्रैक के किनारे लगे पेड़ों तक पहुंच गईं। इस बड़ी घटना के कारण उस रूट का रेल ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ। कम से कम 18 ट्रेनों का शेड्यूल बिगड़ गया और कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा।

RPF ने संभाला विस्तृत जांच का जिम्मा

लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद रेलवे प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। मामलों की तह तक जाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को विस्तृत जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। RPF की स्पेशल टीमें हर एक मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि देश की जीवनरेखा माने जाने वाले रेलवे नेटवर्क को निशाना बनाने के पीछे किन लोगों का हाथ है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सवा घंटे में वंदे भारत सहित 3 ट्रेनों पर पथराव, बिहार में पत्थरबाज बेलगाम

यात्रियों की सुरक्षा पर रेलवे का सख्त रुख

इन लगातार हो रही घटनाओं के मद्देनजर रेलवे ने यात्रियों से भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। रेलवे ने अपनी एडवाइजरी में कहा है, "सभी यात्रियों से अनुरोध है कि वे अलर्ट और सुरक्षित रहें। अगर आपको ट्रेन या स्टेशन पर कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो बिना कोई देर किए तुरंत रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर सूचना दें।"