जहां हैं, वहीं रहें अगले 48 घंटे; ईरान संकट के बीच तेहरान में भारतीयों के लिए सख्त एडवाइजरी
ईरान में बढ़ते सुरक्षा संकट और हवाई हमलों के बीच भारत सरकार तथा तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए नई यात्रा सलाह जारी की है। दूतावास ने मंगलवार को जारी एडवाइजरी में ईरान में रह रहे भारतीयों से अगले 48 घंटों तक घर के अंदर रहने और अनावश्यक आवाजाही पूरी तरह से टालने की अपील की है
ईरान में बढ़ते सुरक्षा संकट और हवाई हमलों के बीच भारत सरकार तथा तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए नई यात्रा सलाह जारी की है। दूतावास ने मंगलवार को जारी एडवाइजरी में ईरान में रह रहे भारतीयों से अगले 48 घंटों तक घर के अंदर रहने और अनावश्यक आवाजाही पूरी तरह से टालने की अपील की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि बदलते सुरक्षा हालात को देखते हुए भारतीय नागरिक बिजली और सैन्य प्रतिष्ठानों के पास न जाएं, बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से बचें और यथासंभव घर के अंदर ही रहें।
इसके साथ ही हाईवे पर यात्रा करने वाले भारतीयों से दूतावास से समन्वय करने को कहा गया है। दूतावास द्वारा व्यवस्थित होटलों में ठहरे लोगों को भी अंदर रहने और दूतावास की टीम से नियमित संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा सभी भारतीयों को आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने और आपात स्थिति में दूतावास के सक्रिय हेल्पलाइन नंबरों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
ट्रंप की ईरान को धमकी
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर मंगलवार की समय-सीमा तक होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने समेत कोई समझौता नहीं होता, तो आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो सकता है। ट्रंप ने पहले भी समय-सीमा बढ़ाई थी, लेकिन अब वाशिंगटन समय के अनुसार मंगलवार रात 8 बजे तक की डेडलाइन को अंतिम बताया है। उन्होंने धमकी दी कि यदि ईरान ने होर्मुज पूरी तरह नहीं खोला तो उसके सभी बिजली संयंत्रों और पुलों को नष्ट कर दिया जाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी और ईजरायली सेना ने ईरान में मंगलवार को हुए हवाई हमलों में दो पुलों और एक रेलवे स्टेशन को निशाना बनाया गया। ईरानी अधिकारियों ने युवाओं से बिजली संयंत्रों की सुरक्षा के लिए उनके चारों ओर मानव शृंखला बनाने की अपील की है। ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि उनके सहित 1.4 करोड़ लोगों ने युद्ध लड़ने के लिए स्वेच्छा से सेवाएं देने की पेशकश की है।




साइन इन