अनजान देश, डेढ़ साल से कमरे से निकला नहीं; फिर कैसे पकड़ा गया दाऊद का करीबी सलीम डोला
दाऊद इब्राहिम के करीबी सलीम डोला को हाल ही में तुर्की में गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद प्रत्यर्पण करके उसे तुर्की से भारत लाया जा चुका है। मुंबई के डोंगरी के रहने वाले सलीम डोला को इंटरपोल की रेड कॉर्नर नोटिस पर गिरफ्तार किया गया है।

दाऊद इब्राहिम के करीबी सलीम डोला को हाल ही में तुर्की में गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद प्रत्यर्पण करके उसे तुर्की से भारत लाया जा चुका है। मुंबई के डोंगरी के रहने वाले सलीम डोला को इंटरपोल की रेड कॉर्नर नोटिस पर गिरफ्तार किया गया है। 59 साल का सलीम डोला, भारत में कई नार्कोटिक्स मामलों में वांटेड था। वह काफी समय से फरार चल रहा था। कई साल से भारतीय सुरक्षा एजेंसियां, डोला का पता लगाने में जुटी थीं। इस मिशन में जुटे अफसरों का कहना है कि सलीम डोला को ढूंढना भूसे के ढेर में सुई ढूंढने के बराबर था। लेकिन डोला की एक गलती ने उसे भारत में सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
आखिर कैसे पकड़ा गया डोला
सलीम डोला, भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के डर से इस्तांबुल भाग गया था। इसके बाद वह अंडरग्राउंड हो गया था। फिर करीब डेढ़ साल तक वह अपने कमरे से बाहर तक निकला ही नहीं। लेकिन इसी समय उससे एक गलती हो गई। शायद डोला को भी अंदाजा नहीं रहा होगा कि उसकी यह गलती उसे गिरफ्तार करा देगी।
एक कूरियर का ऑर्डर और कहानी खत्म
असल में डोला ने एक कूरियर ऑर्डर किया था। लेकिन उसने पता अपने उस ठिकाने का डाल दिया, जहां वह छिपा बैठा था। इसी लेन-देन के जरिए भारतीय एजेंसियां, इंटरपोल की मदद से, डोला के स्थान का पता लगाने में सक्षम हुईं। इसके बाद भारतीय अधिकारियों ने इस्तांबुल पुलिस को सूचित किया, जिन्होंने वहां छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे मंगलवार को तुर्की से दिल्ली लाया गया।
सलीम डोला से मिले तीन पासपोर्ट
सलीम डोला के कमरे की तलाशी के दौरान, सलीम डोला से दो भारतीय पासपोर्ट और एक बुल्गारियाई पासपोर्ट बरामद किए गए। वह बुल्गारियाई पासपोर्ट के तहत ‘हमजा’ नाम का इस्तेमाल करते हुए तुर्की में रह रहा था। यह पता लगाया जा रहा है कि उसका बुल्गारियाई पासपोर्ट वैध था या नकली।
गौरतलब है कि गुरुवार को, मुंबई की एक स्थानीय अदालत ने डोला को 8 मई तक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हिरासत में भेज दिया। जांच एजेंसी ने मुंबई अदालत को बताया कि डोला का नाम एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर के रूप में सामने आया है जो दाऊद इब्राहिम से जुड़ा है। उन्हें जून 2023 में दक्षिण मुंबई से जब्त की गई मेफेड्रॉन्स की मेन सप्लाई करने वाले के रूप में पहचाना गया है।




साइन इन