बंगाल के 15 बूथों पर शुरू हो गया मतदान, जानें क्यों कराई जा रही है दोबारा वोटिंग
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान संपन्न होने के बाद आज दो विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर पुनर्मतदान करवाया जा रहा है। बीजेपी और टीएमसी दोनों ने ही इन बूथों पर चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे।

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव संपन्न होने के बाद आज यानी शनिवार को 15 बूथों पर दोबारा मतदान करवाया जा रहा है। चुनाव में गड़बड़ी या फिर ईवीएम से संबंधित शिकायतों के बाद इन बूथों पर दोबारा मतदान करवाने का फैसला किया गया है। दक्षिण 24 परगना जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों में इन बूथों पर फिर से वोटिंग हो रही है। चुनाव आयोग के आदेश के मुताबिक मगराहाट पश्चिम के 11 बूथ और डायमंड हार्बर के चार बूथों पर पुनर्मतदान हो रहा है।
कब से कब तक होगा मतदान
चुनाव आयोग के आदेश के मुताबिक सुबह 7 बजे से शाम को 6 बजे तक वोटिंग होगी। इस दौरान सुरक्षा की चुस्त व्यवस्था की गई है। वहीं एक अधिकारी ने बताया कि फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र में पुनर्मतदान पर फैसला शनिवार को लिया जाएगा क्योंकि विधानसभा क्षेत्र से रिपोर्ट मिलने का इंतजार है। मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर में 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत वोट डाले गए थे।
बीजेपी और टीएमसी दोनों ने लगाए थे गड़बड़ी के आरोप
आयोग के मुताबिक, रीपोलिंग का आदेश दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से मिली रिपोर्ट के आधार पर और मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए दिया गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के प्रतिनिधित्व वाले डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र की दोनों विधानसभा सीट के कुछ मतदान केंद्रों पर बड़े पैमाने पर चुनावी अनियमितताओं का आरोप लगाया था।
निर्वाचन आयोग ने आरोपों की जांच के लिए अपने विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को नियुक्त किया था। टीएमसी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा, 'भाजपा जानती है कि डायमंड हार्बर और मगराहाट में उसे करारी हार का सामना करना पड़ेगा, इसीलिए वह इन क्षेत्रों में पुनर्मतदान की मांग कर रही थी। निर्वाचन आयोग की मदद से भाजपा दोनों क्षेत्रों के लोगों को एक बार फिर मतदान की कठिन प्रक्रिया से गुजरने के लिए मजबूर कर रही है। जनादेश भाजपा के खिलाफ है और यह वैसा ही रहेगा।'
दूसरी ओर, भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'तृणमूल कांग्रेस को फायदा पहुंचाने के लिए इन क्षेत्रों के कई मतदेय स्थलों पर धांधली हुई थी। हम पुनर्मतदान कराने के निर्वाचन आयोग के फैसले से खुश हैं।'बता दें बंगाल में दो चरणों में मतदान के बाद 4 मई को वोटों की गिनती होगी। इस बार के ज्यादातर एग्जिट पोल में बंगाल में बीजेपी की सरकार का अनुमान लगाया गया है। अगर एग्जिट पोल सही साबित होते हैं तो टीएमसी का 15 साल का शासन खत्म हो जाएगा। हालांकि सही परिणाम 4 मई को ही पता चलेंगे।




साइन इन