बंगाल के बाद असम की बारी, हिमंत बिस्वा सरमा कब लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ? तैयारी पूरी
इससे पहले भाजपा ने यहां केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी थी। उनकी मौजूदगी में हिमंत बिस्वा सरमा को विधायक दल का नेता चुना गया।

Himanta Biswa Sarma: असम विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) की ऐतिहासिक जीत के बाद, हिमंता बिस्वा सरमा मंगलवार, 12 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उनकी नियुक्ति पर आधिकारिक मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 164(1) के तहत डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को मुख्यमंत्री नियुक्त किया है।
जानकारी के मुताबिक हिमंत सरमा का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को सुबह 11:40 बजे गुवाहाटी के खानापारा में आयोजित होगा, जिसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।। बता दें कि हिमंत लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। इससे पहले विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी भारतीय जनता पार्टी के हिमंत सरमा ने रविवार को राज्यपाल के सामने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया था, जिसे मंजूर कर लिया गया है।
हिमंत ने खुद की पुष्टि
हिमंत सरमा ने खुद इस बात की पुष्टि की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “असम की जनता के आशीर्वाद और विश्वास के साथ, आज मैंने राजभवन में श्री आचार्य को सरकार गठन का प्रस्ताव सौंपा। आम जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने और विकास, सुशासन और एक समृद्ध असम की ओर हमारी यात्रा को और और गतिशील बनाने के लिए, हम एक बार फिर से प्रतिबद्ध हैं।”
NDA को मिली थी ऐतिहासिक जीत
इससे पहले भाजपा ने यहां केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी थी। उनकी मौजूदगी में सरमा को विधायक दल का नेता चुना गया। गौरतलब है कि 126 विधानसभा सीटों पर हुए चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाली NDA ने 4 मई को आए नतीजों में प्रचंड जीत हासिल की। भाजपा ने अकेले 82 सीटें जीती हैं, जबकि गठबंधन के असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की है।
NDA ने दो तिहाई बहुमत के साथ राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की है। वहीं हिमंत बिस्वा सरमा के लिए मुख्यमंत्री के रूप में यह दूसरा कार्यकाल होगा। 2016 में NDA की पहली सरकार सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में बनी थी, जिसके बाद 2021 में सरमा ने पहली बार मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली और अब वे अपनी दूसरी पारी शुरू करने जा रहे हैं।




साइन इन