पाक से मेरे खिलाफ मैटीरियल लाई कांग्रेस, 10 दिन में वहां असम पर हुए 11 शो: हिमंत बिस्वा सरमा
सरमा ने कहा कि कल पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने दो प्रेस कॉन्फ्रेंस कीं। एक दिल्ली और एक गुवाहाटी में की गई। हमने अपनी रिसर्च में पाया कि इन प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए पूरा मैटीरियल पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप ने दिया था। बीते 10 दिनों में पाकिस्तान के चैनल ने असम के चुनाव पर ही 11 टॉक शो किए हैं।

पुवअसम विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को मतदान होने वाला है और उससे पहले पाकिस्तान से लेकर दुबई तक की चर्चा हो रही है। कांग्रेस ने हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा के नाम दुबई में प्रॉपर्टी और अमेरिका में कंपनी होने के आरोप लगाए तो वहीं सीएम ने इसमें पाकिस्तानी ऐंगल बता दिया। उन्होंने सोमवार को कहा, 'कल पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने दो प्रेस कॉन्फ्रेंस कीं। एक दिल्ली में हुई और एक गुवाहाटी में की गई। हमने अपनी रिसर्च में पाया कि इन प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए पूरा मैटीरियल पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप ने दिया था। बीते 10 दिनों में पाकिस्तान के चैनल ने असम के चुनाव पर ही 11 टॉक शो किए हैं। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था।'
उन्होंने कहा कि हर टॉक शो में अंत में यही कहा जाता था कि कांग्रेस को जीतना चाहिए। कल जो प्रेस कॉन्फ्रेंस हुईं, उसमें भी निश्चित तौर पर पाकिस्तान का लिंक है। मुझे भरोसा है कि कानूनी एजेंसियां इस मामले की जांच में यह तथ्य भी ध्यान रखेंगी। उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर ऐसा होता है कि जब आप फर्जी दस्तावेजों के जरिए जनता में कोई मुद्दा उठाते हैं तो आपके खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 468 लगती है। लेकिन अब भारतीय न्याय संहिता है और इसमें सख्त प्रावधान हैं।
असम के सीएम ने कहा कि यदि कोई फर्जी दस्तावेजों के जरिए चुनाव परिणाम को प्रभावित करने का प्रयास करता है तो उसमें सख्त सजा है। यहां तक कि उम्रकैद भी हो सकती है। मेरी पत्नी ने कल एक एफआईआर दर्ज करा दी है। हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि मुझे यकीन है कि पुलिस इस मामले में शिकायत दर्ज करेगी और फिर कानून के अनुसार सख्त ऐक्शन लेगी। वहीं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा अब भी अपने आरोपों पर कायम हैं।
पवन खेड़ा अब भी अपने आरोपों पर कायम- इनकार क्यों नहीं कर रहे हिमंत
उनका कहना है कि क्या हिमंत बिस्वा सरमा ने इस बात से इनकार किया है कि उनके पास दुबई में कोई संपत्ति नहीं है। क्या वे इस बात से मना कर रहे हैं कि अमेरिका में उनकी कोई कंपनी नहीं है। क्या वे इस बात से मना कर रहे हैं कि दुनिया में कहीं भी उनकी शेल कंपनियां नहीं हैं? हम हर दिन ज्यादा से ज्यादा सबूत देंगे। अभी तो बहुत कुछ हम लाने वाले हैं। आखिर हिमंत बिस्वा सरमा ने चुनाव के अपने एफिडेविट में दुबई वाली संपत्ति क्यों छिपाई, जिसका मालिकाना हक उनकी पत्नी रिंकी भुइयां सरमा के पास है। पवन खेड़ा ने कहा कि यदि हिमंत इन आरोपों से इनकार कर दें तो कोई बात की जाए।




साइन इन