ओमान में शिप पर भारतीय की मौत, शव को ठंडे पानी की बोतलों से ढकने पर मजबूर साथी; राहुल गांधी भड़के
भारतीय दूतावास ने रविवार को कहा कि वे जहाज MT सेलेस्टियल पर मेडिकल जटिलताओं के कारण मारे गए, जब जहाज ओमान के दुक्म पोर्ट पर डॉक था। मृतक शव को भारत वापस लाने की जल्द से जल्द व्यवस्था की जा रही है।

ओमान के दुक्म पोर्ट पर डॉक किए गए जहाज पर एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। इस मामले पर फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने कड़ी नाराजगी जताई है। यह संगठन दुनिया भर के भारतीय सीफेयरर्स का प्रतिनिधित्व करता है। यूनियन ने आरोप लगाया कि 35 वर्षीय सीफेयरर निशांत उइर्थनाथन शैडो टैंकर MT सेलेस्टियल पर 11 जून को जहाज मालिक की लापरवाही के कारण मारे गए। वे गंभीर रूप से बीमार पड़े और उनका शव बिना किसी उचित व्यवस्था के जहाज पर ही रखा हुआ है।
FSUI की ओर से एक्स पर एक पोस्ट में लिखा गया, 'क्रू सदस्य स्वास्थ्य के लिए खतरनाक और डरावनी स्थिति में ठंडी पानी की बोतलों का इस्तेमाल करके शव को ठंडा रखने की कोशिश कर रहे हैं।' साथ ही कहा कि क्षेत्रीय तनाव के बीच समय पर मेडिकल इवैक्यूएशन में देरी हुई। यूनियन ने कहा कहा कि FSUI और कैप्टन शव संरक्षण, क्रू सपोर्ट और रिस्पॉन्स फेलियर की पूरी जांच की मांग कर रहे हैं। मदद में देरी और मृतक शव की व्यवस्था न करने से साफ इरादा नजर आता है। यूनियन ने एक अन्य पोस्ट में ओमानी अधिकारियों से भी सवाल किए हैं और जवाबदेही की मांग की है।
भारतीय सीफेयरर की मौत पर क्या बोला दूतावास
भारतीय दूतावास ने ओमान में 35 वर्षीय सीफेयरर की मौत की पुष्टि की। दूतावास ने कहा कि वे जहाज MT सेलेस्टियल पर चिकित्सकीय जटिलताओं के कारण मारे गए, जब जहाज ओमान के दुक्म पोर्ट पर डॉक था। मृतक शव को भारत वापस लाने की जल्द से जल्द व्यवस्था की जा रही है। यह मौत ऐसे समय में हुई है जब कुछ दिन पहले ही ओमान के पास एक टैंकर पर अमेरिकी हमले में तीन भारतीय सीफेयरर मारे गए थे, जिसकी भारत में भारी आलोचना हुई और विपक्षी दलों ने इसे मुद्दा बनाया। विपक्षी दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि वे इस हफ्ते होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन के मौके पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ इस मुद्दे को उठाएं।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ओमान के डुक्म बंदरगाह पर भारतीय नागरिक की मौत का मुद्दा उठाया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके कहा, 'कंप्रोमाइज्ड पीएम के राज में एक भारतीय होने का मतलब दुर्गति है। विदेशी ताकत हमारे नागरिकों को मारती है। हमारी सरकार एक आज्ञाकारी नौकर की तरह चुप-चाप आदेश मान लेती है और हमारे नागरिक सड़ने के लिए छोड़ दिए जाते हैं।' उन्होंने एमटी सेलेस्टियल के भारतीय कप्तान के हवाले से साझा की गई एक पोस्ट को टैग करते हुए कहा, 'इस भारतीय को घर लाइए। अभी।' उस पोस्ट में कहा गया था कि उनके दूसरे अधिकारी का शव खराब हो रहा है।




साइन इन