हिंदुओं के खिलाफ बयान, ममता बनर्जी पर दर्ज हो गई FIR; जानें किसने किया है केस
सिलिगुड़ी साइबर पुलिस स्टेशन में ममता बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बीजेपी कार्यकर्ता और वकील रिंकी चैटर्जी ने यह केस दर्ज करवाया है। पूर्व सीएम पर हिंदुओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है।

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ सिलिगुड़ी साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक चुनाव से पहले और 2025 में हिंदुओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बनर्जी पर आरोप हैकि 2025 में कोलकाता में ईद के कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हिंदुओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिया था। इसके बाद चुनाव से पहले भी उन्होंने हिंदुओं के खिलाफ बयान दिया। एक वकील और बीजेपी कार्यकर्ता रिंकी चटर्जी ने उनके खिलाफ केस दर्ज करवाया है। उन्होंने कहा कि 2025 में भी उन्होंने केस दर्ज करवाने की कोशिश की थी लेकिन तब उनकी नहीं सुनी गई और प्रताड़ित भी किया गया।
अभिषेक बनर्जी के घर भी पहुंची थी पुलिस
बता दें कि इससे पहले सोमवार को पुलिस की टीम टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी के घर पर भी पहुंची थी। वहां से सुरक्षा स्कैनिंग प्रणाली से जुड़ा एक एलईडी टेलीविजन मॉनिटर अपने साथ ले गयी। पुलिसकर्मी पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के आवास 'शांति निकेतन' पहुंचे थे। पुलिस टीम में वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी जवान शामिल थे। इसके कुछ ही देर बाद श्री अभिषेक बनर्जी के दरवाजे पर मौजूद पुलिस टीम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे।
इस घटना के कई वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी देखा गया। इसके बाद पुलिस टीम के आज इस दौरे के मकसद को लेकर बड़े पैमाने पर तरह-तरह के कयास लगाये जाने लगे। गौरतलब है कि कोलकाता नगर निकाय अधिकारियों ने कथित अनियमितताओं और भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन को लेकर अभिषेक बनर्जी से जुड़ी संपत्तियों को कम से कम 17 नोटिस भेजे थे। पश्चिम बंगाल की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने इससे पहले अभिषेक बनर्जी की जेड-प्लस सुरक्षा वापस ले ली थी।
टीएमसी में दरार के संकेत
बता दें कि फलता में करारी हार के बाद टीएमसी में दरार पड़ने के भी संकेत मिल रहे हैं। रविवार के परिणाम से संकेत मिलता है कि मौजूदा प्रारूप केवल किनारों से ही कमजोर नहीं पड़ रहा है; बल्कि फलता में तो ऐसा प्रतीत होता है कि यह पूरी तरह से उलट गया है। भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा को 1,49,666 वोट मिले और उन्होंने 71 प्रतिशत से अधिक मत हासिल किए। वहीं, माकपा के शंभूनाथ कुर्मी 40,645 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जो कुल मतों का लगभग 20 प्रतिशत है, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुर रज्जाक तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, टीएमसी के उम्मीदवार जहांगीर खान मात्र 7,783 मतों के साथ चौथे स्थान पर खिसक गए और उनकी जमानत जब्त हो गई।




साइन इन