ये कतई मंजूर नहीं… UAE के न्यूक्लियर प्लांट पर ड्रोन हमले से भड़का भारत, एक अपील भी की
इससे पहले IEA के चीफ ने भी इस हमले को चिंताजनक बताया था। उन्होंने कहा था कि ऐसी कोई भी सैन्य गतिविधि नहीं होनी चाहिए जिससे परमाणु सुरक्षा खतरे में पड़ जाए। अब भारत ने भी इस पर चिंता जाहिर की है।

अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर को लेकर चल रही बातचीत के बीच UAE के न्यूक्लियर पावर प्लांट पर बड़ा हमला हुआ है। रविवार को संयुक्त अरब अमीरात बरकाह परमाणु ऊर्जा केंद्र को निशाना बनाकर ड्रोन हमला हुआ जिससे प्लांट के एक हिस्से में भीषण आग लग गई। इस अटैक पर अब भारत की प्रतिक्रिया सामने आई है। भारत ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है। भारत ने कहा है कि इस तरह के हमलों को कतई मंजूर नहीं किया जा सकता।
सोमवार को भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस हमले पर गहरा चिंता जताई। विदेश मंत्रालय ने कहा, “यूएई में बराक परमाणु केंद्र को निशाना बनाकर किया गया हमला बेहद चिंताजनक है। ऐसी हरकतें कतई स्वीकार्य नहीं हैं और यह तनाव को खतरनाक स्तर पर ले सकती हैं। हम सभी पक्षों से जल्द से जल्द संयम बरतने और बातचीत और कूटनीति के रास्ते पर लौटने की अपील करते हैं।”
UAE ने बताया आतंकवादी हमला
यूएई भी इस हमले पर भड़क उठा है और उसे आतंकवादी हमला बताया है। साथ ही यूएई ने कहा है कि यह हमला बिना किसी उकसावे के किया गया और UAE जवाब देने का पूरा अधिकार रखता है। इससे पहले हमले के कारण परमाणु केंद्र के बाहरी हिस्से में मौजूद एक इलेक्ट्रिकल जनरेटर में आग लग गई थी। हालांकि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने पुष्टि की है कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है और ना ही किसी प्रकार का रेडिएशन लीक हुआ है।
पीएम मोदी ने भी की थी निंदा
यूएई के पावर प्लांट पर हमला तब हुआ है जब हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद अबू धाबी पहुंचे थे। पीएम ने इस दौरान UAE पर हुए हमलों की निंदा की है और कहा है कि भारत पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए हर संभव सहयोग देने को तैयार है। पीएम मोदी ने कहा कि खाड़ी देश ने जिस तरह से संयम रखते हुए मौजूदा स्थिति को संभाला है वह तारीफ योग्य है। पीएम मोदी ने कहा, ''भारत शांति और स्थिरता की बहाली के लिए जल्द से जल्द हर संभव सहयोग देने को तैयार है।'' प्रधानमंत्री मोदी ने होर्मुज से सुरक्षित आवाजाही को लेकर भी बातचीत की थी।
बढ़ सकता है तनाव
इधर हमले के बाद तनाव और बढ़ सकता है। इस हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर ईरान को बड़ी धमकी दे डाली है। ट्रंप ने एक बयान ने लिखा, "ईरान के लिए घड़ी की सुइयां टिक-टिक कर रही हैं, बेहतर होगा कि वे तेजी से कदम बढ़ाएं, वरना उनका वजूद ही नहीं बचेगा।" दूसरी तरफ, ईरान ने भी चेतावनी जारी कर दी। बता दें कि युद्ध शुरू होने के बाद से ही ईरान ने UAE, सऊदी अरब और अन्य खाड़ी देशों में ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरान का कहना है कि जब तक अमेरिका अपने हमले नहीं रोकता और युद्ध पूरी तरह खत्म नहीं होता, ये हमले जारी रहेंगे। वहीं अमेरिका बिना परमाणु डील के समझौता करने को तैयार नहीं है। ऐसे में सीजफायर को लेकर बातचीत जारी तो है, लेकिन गतिरोध बना हुआ है। अब ट्रंप ने नए हमलों की धमकी देकर एक मीटिंग भी बुलाई है। चर्चा है कि इसमें ईरान पर नए सिरे से अटैक की योजना बनाई जा सकती है।




साइन इन