'बेगानी शादी में...' CM फडणवीस ने उड़ाया संजय राउत का मजाक, बोले- कांग्रेस डूबता जहाज...
शरद पवार की पार्टी के कांग्रेस में विलय होने की खबरों के बीच महाराष्ट्र सीएम फडणवीस ने संजय राउत का मजाक उड़ाया है। संजय राउत ने विलय संबंधी बयान को लेकर महाराष्ट्र सीएम ने कहा कि सबसे ज्यादा बातें वह व्यक्ति कर रहे हैं, जिनका कांग्रेस या विलय करने वाली छोटी पार्टियों से लेना-देना नहीं है।

Devendra Fadnavis Sanjay Raut politics: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत का मजाक उड़ाया है। उन्होंने कहा कि संजय राउत जिन दो पार्टियों को विलय करने की सलाह दे रहे हैं उनसे, उनका दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है। दरअसल, महाराष्ट्र सीएम का यह तंज संजय राउत के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने एनसीपी (SP) और तृणमूल कांग्रेस को कांग्रेस में विलय करके भाजपा के खिलाफ एक मजबूत मोर्चा बनाने की बात कही थी।
शिवसेना उद्धव गुट के नेता संजय राउत की इन टिप्पणियों के बारे में जब महाराष्ट्र सीएम से पूछा गया, तो उन्होंने मुहावरे के जरिए इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा, "बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना, जो व्यक्ति दूसरी छोटी पार्टियों को कांग्रेस में विलय होने के लिए सबसे ज्यादा बात कर रहे हैं उनका कांग्रेस या उन छोटी पार्टियों से कोई लेना-देना नहीं है।"
समझदार नेता डूबते जहाज की सवारी नहीं करते: देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र सीएम ने विपक्षी पार्टियों के बीच चल रही विलय की चर्चाओं के लेकर भी तंज कसा। शरद पवार की पार्टी और ममता बनर्जी की पार्टी के कांग्रेस में विलय की खबरों को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समझदार नेता डूबते जहाज की सवारी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, "कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है। यह नेता (शरद पवार और ममता बनर्जी) समझदार हैं। वे डूबते हुए जहाज की सवारी नहीं करेंगे।" फडणवीस ने जोर देकर कहा कि अगर यह लोग कांग्रेस में विलय कर भी लेते हैं, तो इसका सीधा फायदा भाजपा को होगा।
एनसीपी शरद गुट कर सकता है कांग्रेस में विलय
महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कुछ सालों में जबरदस्त टूट देखने को मिली है। दो बड़ी क्षेत्रीय पार्टियां चार हिस्सों में टूट चुकी है। कभी शरद पवार के नेतृत्व में कांग्रेस से अलग होकर बनी एनसीपी भी दो हिस्सों में टूट चुकी है। अजित पवार के निधन के बाद खबरें चली थीं कि दोनों पार्टियां फिर से एक हो सकती हैं, लेकिन जल्दी ही इन पर विराम लग गया।
अब सामने आया है कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसदों की टूट के बाद शरद पवार को भी अपने सांसदों के टूटने का डर सताने लगा है। इसी टूट से बचाने के लिए उन्होंने कांग्रेस के साथ विलय करने का प्रस्ताव रखा है। शुरुआत में यह केवल उड़ती-उड़ती खबर लग रही थी। लेकिन महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता नाना पटोले ने शुक्रवार को इस पर मुहर लगा दी। उन्होंने दावा किया कि शरद पवार की ओर से विलय का प्रस्ताव पहले ही आ चुका है। फिलहाल इस पर चर्चा हो रही है। मीडिया से बात करते हुए पटोले ने कहा, "एनसीपी की तरफ से पवार साहब ने पहले ही प्रस्ताव दे दिया था। लेकिन कुछ कारणों की वजह से इसमें देरी हो रही है। मुझे लगता है कि देश की राजनीति में जो कुछ भी हो रहा है उसमें धर्मनिरपेक्ष पार्टियों को एकजुट हो जाना चाहिए।
तृणमूल कांग्रेस के भी कांग्रेस में विलय होने की चर्चा तेज
शरद पवार की पार्टी के कांग्रेस में विलय होने की चर्चा के बीच पश्चिम बंगाल में 15 साल तक सत्ता चलाने वाली ममता बनर्जी की पार्टी के भी कांग्रेस में विलय होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, कांग्रेस और टीएमसी दोनों ही पक्षों की तरफ से इन खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया गया है। हालांकि इसके बाद भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि कांग्रेस ने निकलीं ममता बनर्जी एक बार फिर से कांग्रेस का दामन थाम सकती हैं।




साइन इन