भाजपा और ममता बनर्जी ‘शिकारी’, आप सांसदों के पार्टी छोड़ने पर कांग्रेस नेता का तंज
राघव चड्ढा और अन्य सांसदों के आप छोड़कर, भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी का बयान आया है। पश्चिम बंगाल में बहरामपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन ने इस मामले में ममता बनर्जी की तुलना भाजपा से कर डाली है।

राघव चड्ढा और अन्य सांसदों के आप छोड़कर, भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी का बयान आया है। पश्चिम बंगाल में बहरामपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन ने इस मामले में ममता बनर्जी की तुलना भाजपा से कर डाली है। उन्होंने कहाकि भाजपा, राघव चड्ढा का लुभाने में सफल रही। भाजपा को राजनीति में शिकार करना आता है। अधीर रंजन ने आगे कहाकि यही तो बंगाल में भी होता है। जब ममता को ऐसा लगता है कि परिणाम खतरे में है, वह अपनी एजेंसी को यहां पर तैनात कर देती है। इसके बाद आई-पैक शिकार में लग जाता है। उन्होंने कहाकि आई-पैक उन उम्मीदवारों के पास जाता है, जिनके चुनाव में जीतने की संभावना होती है। कांग्रेस नेता ने कहाकि आज की राजनीति में यह सब न्यू-नॉर्मल है।
‘आप’ के सात सदस्य भाजपा में शामिल
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी (आप) को शुक्रवार को उस समय बड़ा झटका लगा जब राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक समेत पार्टी के सात राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी छोड़ दी। चड्ढा ने कहाकि वे सभी भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी अपने सिद्धांतों, मूल्यों और नैतिकता से भटक गई है। सात सांसदों के समूह में हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल भी शामिल हैं। इन सांसदों के इस्तीफे की जानकारी मध्य दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में जल्दबाजी में बुलाई गई प्रेसवार्ता में दी गई, जिसके कारण कई लोग आश्चर्यचकित रह गए।
भड़क उठे केजरीवाल
इसके बाद ‘आप’ के प्रमुख केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात किया है। जबकि राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी छोड़ने वाले सातों सांसदों को गद्दार करार दिया। भाजपा ने सांसदों का गर्मजोशी से स्वागत किया और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन्हें मिठाई खिलाई। आप नेताओं ने भाजपा पर पार्टी सांसदों को तोड़ने के लिए ‘ऑपरेशन लोटस’ शुरू करने और पंजाब में मान सरकार के अच्छे कार्यों को रोकने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
अधीर रंजन के और भी हैं आरोप
इससे पहले अधीर रंजन चौधरी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मुर्शिदाबाद जिले में उनके बहरामपुर निर्वाचन क्षेत्र के कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान असामान्य रूप से धीमा रहा, जबकि अन्य हिस्सों में उच्च मतदान हुआ। चौधरी ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के एक मतदान केंद्र का दौरा किया, जहां कथित तौर पर कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अज्ञात बदमाशों ने मारपीट की थी। उन्होंने कहाकि उन्हें कुछ इलाकों में मतदान में धीमी गति का कोई ठोस कारण नहीं मिल पाया। चौधरी ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के सेक्टर अधिकारी ने उनके सवालों का कोई जवाब नहीं दिया और मतदान केंद्रों के भीतर मतदान कर्मी प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे।




साइन इन