congress attacks pm modi israel visit netanyahu gaza issue Priyanka Gandhi नेतन्याहू को गले लगाना कायरता है, मोदी की इजरायल यात्रा पर भड़की कांग्रेस; प्रियंका ने साधा निशाना, India News in Hindi - Hindustan
More

नेतन्याहू को गले लगाना कायरता है, मोदी की इजरायल यात्रा पर भड़की कांग्रेस; प्रियंका ने साधा निशाना

पीएम मोदी के इजरायल दौरे पर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। जयराम रमेश ने नेतन्याहू से मुलाकात को 'नैतिक कायरता' बताया, वहीं प्रियंका गांधी ने इजरायली संसद में गाजा नरसंहार का मुद्दा उठाने की मांग की है।  

Wed, 25 Feb 2026 10:44 AMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
नेतन्याहू को गले लगाना कायरता है, मोदी की इजरायल यात्रा पर भड़की कांग्रेस; प्रियंका ने साधा निशाना

कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय इजरायल यात्रा को लेकर जोरदार हमला बोला है। पार्टी ने कहा कि ऐसे समय में जब पूरी दुनिया इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की आलोचना कर रही है, तब पीएम मोदी का अपने 'प्रिय मित्र' से मिलना नैतिक कायरता को दर्शाता है। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री इजराइली संसद को संबोधित करते हुए गाजा में हजारों निर्दोष पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के 'नरसंहार' का उल्लेख करेंगे तथा उनके लिए न्याय की मांग करेंगे।

जयराम रमेश ने की कड़ी आलोचना

कांग्रेस महासचिव (संचार प्रभारी) जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी अपने इजरायली समकक्ष को बेशर्मी से गले लगा रहे हैं। उन्होंने नेतन्याहू पर गाजा को मलबे और धूल में तब्दील करने तथा कब्जे वाले वेस्ट बैंक में अवैध बस्तियों के विस्तार की साजिश रचने का आरोप लगाया। रमेश ने भारत के ऐतिहासिक रुख की याद दिलाते हुए कुछ प्रमुख घटनाओं का जिक्र किया।

20 मई 1960: पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने गाजा का दौरा किया था और वहां तैनात संयुक्त राष्ट्र आपातकालीन बल की भारतीय टुकड़ी से मुलाकात की थी।

29 नवंबर 1981: भारत ने फिलिस्तीन के साथ अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए एक स्मारक डाक टिकट जारी किया था।

18 नवंबर 1988: भारत ने औपचारिक रूप से फिलिस्तीन को एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में मान्यता दी थी।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी बात रखते हुए रमेश ने लिखा- वह एक अलग दौर था। अब भारत के प्रधानमंत्री बेशर्मी से उस इजरायली प्रधानमंत्री को गले लगा रहे हैं, जिसने गाजा को मलबे में बदल दिया है... जब पूरी दुनिया उनके 'प्रिय मित्र' की आलोचना कर रही है, तो श्री मोदी नैतिक कायरता का प्रदर्शन कर रहे होंगे। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह फिलिस्तीनियों के समर्थन को लेकर केवल पाखंडपूर्ण और दिखावटी बयानबाजी करती है, लेकिन असल में उसने उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया है।

प्रियंका गांधी ने की न्याय की मांग उठाने की अपील

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री मोदी इजरायली संसद (नेसेट) को संबोधित करते हुए गाजा के हालात पर चर्चा करेंगे। प्रियंका गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया- 'मुझे आशा है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी अपनी आगामी इजराइल यात्रा पर नेसेट को संबोधित करते हुए गाजा में हजारों निर्दोष पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के नरसंहार का उल्लेख करेंगे और उनके लिए न्याय की मांग करेंगे।' उन्होंने कहा कि एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में भारत अपने पूरे इतिहास में जो सही है, उसके लिए खड़ा रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा, 'हमें दुनिया को सत्य, शांति और न्याय की रोशनी दिखाते रहना होगा।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इजरायल में फिलिस्तीन पर बोलेंगे PM मोदी? रक्षा पर होगा फोकस,संसद संबोधन पर नजरें
ये भी पढ़ें:भारत के साथ कौन सा गठबंधन बनाने जा रहे नेतन्याहू? पाक में खलबली, इस्लाम की दुहाई
ये भी पढ़ें:भारतीय रंगों में रंगी इजरायली संसद, PM मोदी के स्वागत में रोशन हुआ नेसेट

पीएम मोदी की यात्रा और भारत-इजरायल संबंध

प्रधानमंत्री मोदी दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रक्षा और व्यापार सहयोग को मजबूत करने के लिए बुधवार सुबह दो दिवसीय इजरायल यात्रा पर रवाना हुए। पिछले नौ वर्षों में यह मोदी की दूसरी इजरायल यात्रा है। इससे पहले जुलाई 2017 में उनकी पहली यात्रा के दौरान भारत-इजरायल के संबंधों को बढ़ाकर 'रणनीतिक साझेदारी' का रूप दिया गया था। कांग्रेस ने एक दिन पहले (मंगलवार को) भी यह कहते हुए सरकार को घेरा था कि गाजा में नागरिकों पर इजरायल के निर्मम हमलों के जारी रहने के बावजूद प्रधानमंत्री वहां जा रहे हैं, जो यह साबित करता है कि सरकार ने फिलिस्तीनियों का साथ छोड़ दिया है।

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।