पीठ में छुरा घोंपने वाले, कांग्रेस पर भड़का साथी दल, TVK से बातचीत पर जमकर सुनाया
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, 'टीवीके अध्यक्ष विजय ने कांग्रेस से तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए समर्थन का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने राजनीतिक मिशन में पेरुमथलाईवर कामराज से भी प्रेरणा लेने की बात कही है।

TVK यानी विजय की तमिलगा वेत्री कषगम को समर्थन देने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस से द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम नाराज नजर आ रही है। डीएमके ने कांग्रेस को पीठ में छुरा घोंपने वाला करार दिया है। साथ ही कहा है कि अगर कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ती, तो एक भी सीट नहीं जीत पाती। बहरहाल, कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन देने के मुद्दे पर चर्चा के लिए बुधवार को बैठक बुलाई है। साथ ही खबरें हैं कि फैसला प्रदेश इकाई पर छोड़ दिया है।
एनडीटीवी से बातचीत में डीएमके प्रवक्ता श्रावणन अन्नादुरई से सवाल किया गया कि कांग्रेस और टीवीके में बातचीत पर आप क्या कहते हैं। इसपर उन्होंने जवाब दिया, 'पीठ में छुरा घोंपने वाले।' उन्होंने कहा, 'जो 5 सीटें उन्हें मिली हैं, उसकी वजह यह थी कि वह हमारे साथ गठबंधन में थे। नहीं तो उन्हें शून्य ही मिलता।' साथ ही उन्होंने आरोप लगाए हैं कि विजय ने कभी भी भारतीय जनता पार्टी या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कुछ नहीं कहा है।
कांग्रेस का क्या प्लान
पीटीआई भाषा के अनुसार, कांग्रेस तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए टीवीके नेता विजय को समर्थन देने की तैयारी में है और इसकी जल्द ही घोषणा की जा सकती है। सूत्रों ने बताया कि तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख नेताओं की मंगलवार रात हुई एक ऑनलाइन बैठक में इस पर सहमति जताई गई कि विजय को 'धर्मनिरपेक्ष सरकार' के गठन के लिए समर्थन देना चाहिए। सूत्रों का कहना है कि इस बारे में अंतिम फैसला बुधवार को किया जा सकता है।
कांग्रेस आलाकमान ने की बैठक
सूत्रों के अनुसार अभी इस बात को लेकर मंत्रणा जारी है कि विजय के साथ जाने की स्थिति में सरकार का बाहर से समर्थन करना है या फिर सरकार का हिस्सा बनना है। विजय ने कांग्रेस नेतृत्व को पत्र भेजकर समर्थन का आग्रह किया था।
इसको लेकर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडानकर के बीच मंत्रणा हुई और फिर कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य इकाई को निर्देश जारी किया कि वह राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय ले।
टीवीके ने कांग्रेस से मांगी थी मदद
वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, 'टीवीके अध्यक्ष विजय ने कांग्रेस से तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए समर्थन का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने राजनीतिक मिशन में पेरुमथलाईवर कामराज से भी प्रेरणा लेने की बात कही है। कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि तमिलनाडु में जनादेश एक ऐसी धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है, जो संविधान की अक्षरशः रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हो।'
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके को 108 सीटें हासिल हुई हैं। उसे सरकार बनाने के लिए 10 और विधायकों के समर्थन की जरूरत है। कांग्रेस के पांच विधायक निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस फिलहाल द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा है।
तमिलनाडु कांग्रेस लेगी फैसला
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि भाजपा और उसके प्रतिनिधि किसी भी तरह से तमिलनाडु सरकार को न चलाएं। उनका कहना था, 'ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व ने तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी को चुनाव परिणाम के मद्देनजर राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए विजय के अनुरोध पर अंतिम निर्णय लेने का निर्देश दिया है।'




साइन इन