West Bengal latest news Bulldozer action on TMC office in Kolkata after election result party slams BJP बंगाल में नतीजों के बाद TMC के ऑफिस पर बुलडोजर एक्शन, सड़कों पर भारी बवाल; भड़की पार्टी, India News in Hindi - Hindustan
More

बंगाल में नतीजों के बाद TMC के ऑफिस पर बुलडोजर एक्शन, सड़कों पर भारी बवाल; भड़की पार्टी

TMC ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इसे गुंडागर्दी बताया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों की भीड़ ने स्थानीय दुकानदारों और पार्टी कार्यालय को निशाना बनाया।

Wed, 6 May 2026 07:06 AMJagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share
बंगाल में नतीजों के बाद TMC के ऑफिस पर बुलडोजर एक्शन, सड़कों पर भारी बवाल; भड़की पार्टी

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद से ही हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। कई जगह पर भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और हिंसा के बाद दोनों पार्टियों के एक-एक कार्यकर्ता की मौत हो गई है। इस बीच मंगलवार रात कोलकाता में भी तनाव फैल गया। यहां तृणमूल कांग्रेस के एक ऑफिस पर बुलडोजर चलाने की खबरें सामने आई हैं। जानकारी के मुताबिक यहां के न्यू मार्केट इलाके में भीड़ में टीएमसी कार्यालय और कुछ दुकानों को बुलडोजर से ढहा दिया जिसके बाद पार्टी भड़क उठी है।

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक लोगों के एक समूह ने न्यू मार्केट यूनियन के टीएमसी दफ्तर को निशाना बनाया और बिल्डिंग को पूरी तरह तोड़ दिया। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें इलाके में अफरा-तफरी का माहौल नजर आ रहा है। घटना के बाद ऐतिहासिक हॉग मार्केट के आसपास के व्यापारियों में भगदड़ मच गई। डर के मारे स्थानीय दुकानदारों ने शटर गिरा दिए और वहां से सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखे।

भड़क गई टीएमसी

इस घटना को लेकर टीएमसी भड़क उठी है और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इसे गुंडागर्दी बताया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों की भीड़ ने स्थानीय दुकानदारों और पार्टी कार्यालय को निशाना बनाया। टीएमसी ने यह भी दावा किया कि इस दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों को 'पीछे रहने' के निर्देश दिए गए थे। पार्टी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “BJP का 'परिवर्तन' आ गया है और यह एक बुलडोजर के साथ आया है। खुली गुंडागर्दी और अराजकता दिखाते हुए, BJP समर्थकों की भीड़ ने न्यू मार्केट इलाके के पास जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने दुकानों को तोड़ दिया और तृणमूल कांग्रेस के पार्टी दफ्तर में तोड़-फोड़ की। यह उसी पार्टी ने किया है जिसने भरोसे की बात की थी, लेकिन अब आतंक मिल रहा है।”

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गंदी राजनीति; बंगाल में TMC ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगाए हिंसा के आरोप

पार्टी ने आगे बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने अपने कार्यकर्ताओं को सड़कों पर मनमानी करने का खुला लाइसेंस दे दिया है और केंद्रीय बलों को सिर्फ एक ही निर्देश दिया गया है, पीछे हट जाओ और यह सब होने दो। पार्टी ने कहा, “आज दुकानें निशाने पर हैं। कल नेता होंगे। उसके बाद बंगाल की महान हस्तियों की मूर्तियां होंगी। और अंत में गरीबों और कमजोर लोगों के घर होंगे। लेकिन बंगाल में जहां भी BJP का बुलडोजर चलेगा, उसे एक दीवार का सामना करना पड़ेगा। विरोध और चुनौती की एक दीवार। हम स्टेट स्पॉन्सर्ड इस आतंक का डटकर मुकाबला करेंगे।”

महुआ मोइत्रा ने भी साधा निशाना

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए भाजपा के चुनावी नारे 'परिवर्तन' पर तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिखा, "कोलकाता का ऐतिहासिक न्यू मार्केट। बंगाली लोग 'परिवर्तन' का आनंद ले रहे हैं।" वहीं टीएमसी के वरिष्ठ सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने दावा किया कि यह सब पुलिस और केंद्रीय बलों (CAPF) की मौजूदगी में हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि जीत के जश्न के नाम पर मीट की दुकानों को बुलडोजर से तोड़ दिया गया जबकि प्रशासन तमाशा देखती रही। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “ये है भाजपा। पूरी दुनिया ये तस्वीरें देखे।”

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:'काबा-मदीना' गाने वालीं सायोनी घोष ने TMC हार के बाद भी दिखाए तेवर, क्या कहा?

क्या कह रहे स्थानीय लोग?

टीएमसी के आरोपों के उलट स्थानीय लोगों का दावा है कि जिस बिल्डिंग को गिराया गया है, वह अवैध रूप से बनाया गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह जगह पहले एक दुकानदार से जबरन छीन ली गई थी और बाद में इसे यूनियन ऑफिस में बदल दिया गया था। फिलहाल हिंसा भड़कने और स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए न्यू मार्केट और आसपास के इलाकों में सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:BJP को नहीं रोक पाएंगे ये, बंगाल रिजल्ट के बाद ओवैसी की मुसलमानों से अपील

BJP-TMC के कार्यकर्ताओं की मौत

इससे पहले पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में मंगलवार को भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम न्यू टाउन इलाके में जीत के बाद निकाली गई जुलूस के दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर पिटाई किए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल की मौत हो गई। इससे पहले बीरभूम के नानूर में कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने टीएमसी कार्यकर्ता अबीर शेख की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। अधिकारी ने बताया है कि स्थिति सामान्य करने के लिए केंद्रीय बलों को तैनात करना पड़ा है।