राहुल गांधी की स्पीच पर लोकसभा में आज फिर हंगामा, स्पीकर की तरफ उछाले गए पेपर
इसी दौरान किसी सदस्य ने चेयर को संबोधित करते हुए यार बोल दिया। इस पर चेयर ने फटकार लगाते हुए कहा कि यह संसद है। उस समय आसन पर कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी बैठे थे। इस यार के मुद्दे पर लोकसभा में हंगामा होने लगा।

लोकसभा में आज (मंगलवार, 3 फरवरी को) लगातार दूसरे दिन राहुल गांधी की स्पीच पर हंगामा खड़ा हो गया। इसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी है। हुआ यूं कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए नेता विपक्ष राहुल गांधी जैसे ही खड़े हुए और उन्होंने अपनी बात रखनी शुरू की, उन्होंने फिर से राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाना चाहा और कल की बात फिर से दोहराते हुए कहा कि यह चीन और पाकिस्तान के साथ जुड़ा राष्ट्रीय सुरक्षा का विषय है। इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आपत्ति जताते हुए कहा कि नेता विपक्ष सदन को गुमराह कर रहे हैं। स्पीकर की बैठक में हूई बातचीत का जिक्र करते हुए रिजिजू ने कहा कि हम यहां सुनने के लिए बैठे हैं लेकिन उन्हें विषय को छोड़ना चाहिए।
राहुल गांधी इस पर रुके नहीं और उन्होंने फिर से नरवणे के संस्मरण का मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, "मैं विपक्ष का नेता हूं, मुझे बोलने दिया जाए।" इसके बाद उन्होंने कहा कि अगर आर्टिकल पर ऐतराज है, तो नहीं बोलूंगा। इसके बाद राहुल गांधी ने चीन का जिक्र किया और कहा कि ईस्टर्न लद्दाख में भारतीय सैनिक मारे गए।
आसन को यार कहने पर बढ़ा विवाद
इसी दौरान किसी सदस्य ने चेयर को संबोधित करते हुए यार बोल दिया। इस पर चेयर ने फटकार लगाते हुए कहा कि यह संसद है। उस समय आसन पर कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी बैठे थे। इस यार के मुद्दे पर लोकसभा में हंगामा होने लगा। दूसरी तरफ विपक्षी सांसद भी इस बात से भड़क उठे कि नेता विपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा है। इसी दौरान आसन की तरफ पेपर भी फेंके गए।
विपक्षी सांसदों ने भी बोलने से किया इनकार
इसके बाद आसन पर बैठे तेनेट्टी ने लोकसभा में राहुल गांधी को बोलने से रोकते हुए अगले वक्ता के रूप में सपा के नरेश उत्तम पटेल का नाम ले लिया लेकिन पटेल ने बोलने से इनकार कर दिया। आसन ने इसके बाद टीएमसी और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने भी बोलने के लिए कहा लेकिन सभी विपक्षी सांसदों ने बोलने से इनकार कर दिया। इस दौरान सदन में भारी हंगामा होने लगा। विपक्षी सांसद राहुल गांधी के समर्थन में हंगामा करते हुए वेल में आ गए और आसन की तरफ पेपर फेंके। जोरदार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही नहीं चल सकी और पीठासीन कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने सदन की कार्यवाही तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
इतिहास में पहली बार नेता विपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा: राहुल
बाद में सदन से बाहर निकलकर राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार मुझे संसद में बोलने नहीं दे रही, प्रधानमंत्री मोदी डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया गया। उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर कहा कि हमें समझना होगा कि चार महीने तक जो व्यापार समझौता अटका रहा, उसे कल शाम अचानक से अंतिम रूप कैसे दे दिया गया? राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पर बहुत दबाव है।




साइन इन