BJP से क्या चाहते थे अन्नामलाई, पार्टी ने सभी मांगों से किया इनकार; आज बड़ा ऐलान
अन्नामलाई ने गुरुवार को कहा कि वह पांच जून को सोशल मीडिया पर एक संवाद के दौरान अपने विचार साझा करेंगे। संभावनाएं हैं कि वह राष्ट्रीय राजधानी की अपनी यात्रा के बारे में स्पष्टीकरण देंगे और अपनी खुद की पार्टी शुरू करने के लिए भाजपा से इस्तीफा देने की अटकलों को लेकर स्थिति स्पष्ट करेंगे।

तमिलनाडु में भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई पार्टी से नाता तोड़कर अपनी नई पारी का आगाज कर सकते हैं। बीते दिनों अन्नामलाई ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की और राज्य की राजनीति में अपनी भूमिका को लेकर चर्चा की थी। पार्टी नेतृत्व ने उनको दिल्ली की राजनीति में आने को कहा था, जिसके लिए अन्नामलाई तैयार नहीं हुए।
भाजपा ने भी किया इनकार
दूसरी तरफ, भाजपा ने भी अन्नामलाई की सभी मांगों को मानने से इनकार कर दिया है। अन्नामलाई पांच जून को चेन्नई में अपने नए कदम की घोषणा कर सकते हैं। इसके पहले दिल्ली में उनके और भाजपा के बड़े नेताओं गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महासचिव बीएल संतोष के साथ मुलाकातें हुई थीं। अन्नामलाई ने पार्टी अध्यक्ष को पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के कारण भी बताए थे।
आंकड़ों के साथ कहा था कि पार्टी को अन्नाद्रमुक के साथ चुनाव में जाने से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से राज्य में अपने भावी आंदोलन को लेकर भी चर्चा की और कई कार्यों की अनुमति भी मांगी, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने इसे नहीं माना। अन्नामलाई ने पार्टी अध्यक्ष रहते हुए राज्य में कई आंदोलन व यात्रा कर भाजपा को आक्रामक रखा था। वह अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन के विरोधी रहे हैं।
अन्नाद्रमुक से भाजपा में आकर प्रदेश अध्यक्ष बने नयनार नागेंद्रन के साथ भी वह असहज थे। ऐसे में, उन्होंने अपने लिए अलग रास्ता चुना। हालांकि, वह भाजपा नेतृत्व को विश्वास में लेकर ही पार्टी से अलग होंगे।
अन्नामलाई ने भी कर दिया इनकार
अभी तक भाजपा और अन्नामलाई दोनों ने स्थिति साफ नहीं की है। सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई को राज्यसभा में लाने की पेशकश की गई थी, लेकिन उनके न मानने पर गुरुवार को पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की भी घोषणा कर दी। हालांकि, अन्नामलाई अगर पार्टी से बाहर जाते हैं तो लंबे समय तक उनकी वापसी की संभावना कम हो जाएगी।
सोशल मीडिया पर करेंगे बात
अन्नामलाई ने गुरुवार को कहा कि वह पांच जून को सोशल मीडिया पर एक संवाद के दौरान अपने विचार साझा करेंगे। संभावनाएं हैं कि वह राष्ट्रीय राजधानी की अपनी यात्रा के बारे में स्पष्टीकरण देंगे और अपनी खुद की पार्टी शुरू करने के लिए भाजपा से इस्तीफा देने की अटकलों को लेकर स्थिति स्पष्ट करेंगे। अन्नामलाई ने 'एक्स' पर अपने सोशल मीडिया संवाद का लिंक पोस्ट करते हुए कहा, 'कल दोपहर 12 बजे, मैं सोशल मीडिया पर आप सभी के साथ बातचीत करने, अपने विचार साझा करने और खुलकर दिल से दिल की बात करने के लिए उत्सुक हूं।'




साइन इन