बनाएंगे नई पार्टी या रहेंगे BJP के साथ, अन्नामलाई सोशल मीडिया पर रखेंगे दिल की बात
तमिलनाडु में अन्नामलाई को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। अब अन्नामलाई ने कहा है कि वह शुक्रवार को सोशल मीडिया पर अपने दिल की बात कहेंगे। देखना यह है कि अन्नामलाई भाजपा में बने रहेंगे या नई पार्टी बनाएंगे…

भाजपा की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने गुरुवार को कहाकि वह पांच जून को सोशल मीडिया पर एक संवाद के दौरान अपने विचार साझा करेंगे। वह संभवतः राष्ट्रीय राजधानी की अपनी यात्रा के बारे में स्पष्टीकरण देंगे और अपनी खुद की पार्टी शुरू करने के लिए भाजपा से इस्तीफा देने की अटकलों को लेकर स्थिति स्पष्ट करेंगे। अन्नामलाई ने एक्स पर अपने सोशल मीडिया संवाद का लिंक पोस्ट करते हुए कहाकि कल दोपहर 12 बजे, मैं सोशल मीडिया पर आप सभी के साथ बातचीत करने, अपने विचार साझा करने और खुलकर दिल से दिल की बात करने के लिए उत्सुक हूं।
कृपया इंतजार करें
अन्नामलाई ने एक जून को नई दिल्ली रवाना होने से पहले यहां हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा था कि कृपया इंतजार करें। हम दो दिन में बैठकर बात करेंगे। यह बात उन्होंने तब कही जब पत्रकारों ने उनसे उन अफवाहों के बारे में पूछा कि वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मिलने के लिए राष्ट्रीय राजधानी जा रहे हैं, क्योंकि उन्होंने पार्टी छोड़ने की योजना बनाई है। अन्नामलाई ने कहा था कि वह अपना रुख स्पष्ट करेंगे। उन्होंने दो जून को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की।
तमिलनाडु प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने क्या कहा
इस बीच भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहाकि उनके पूर्ववर्ती के. अन्नामलाई ने नई पार्टी बनाने के बारे में किसी से कोई बात नहीं की है। नागेंद्रन ने यह भी कहा कि उन्हें पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष से कोई त्यागपत्र प्राप्त नहीं हुआ है। अन्नामलाई के भाजपा छोड़कर अपनी नयी पार्टी बनाने की अटकलों के बीच पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नागेंद्रन ने स्पष्ट किया कि उनके (अन्नामलाई) इस्तीफे की खबरें निराधार हैं। नागेंद्रन ने पत्रकारों से कहाकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मुझे अभी तक ऐसा कोई पत्र नहीं मिला है। हमारे बीच कोई मतभेद नहीं है। अन्नामलाई ने किसी से भी नयी पार्टी बनाने के बारे में बात नहीं की है। इस बारे में हमारी उनसे बात नहीं हुई है ना ही उन्होंने हमसे कुछ कहा है।
अन्नामलाई के इस्तीफे को लेकर अटकलों के बारे में पूछे जाने पर नागेंद्रन ने कहाकि आज मेरे प्रिय भाई (अन्नामलाई) को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके इस्तीफे की खबरें झूठी, निराधार और अफवाहें हैं। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी अन्नामलाई ने राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। यह मुलाकात ऐसे समय हुई, जब उनके भाजपा छोड़कर अपनी नयी राजनीतिक पार्टी बनाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, पार्टी ने आधिकारिक तौर पर यह खुलासा नहीं किया है कि बैठक में क्या चर्चा हुई।




साइन इन