PNG गैस कनेक्शन वालों के लिए बड़ी खबर, LPG संकट के बीच सरकार का अहम फैसला
LPG संकट के बीच सरकार ने कहा कि कोई भी व्यक्ति जिसके पास पाइप वाली प्राकृतिक गैस (PNG) का कनेक्शन है और जिसके पास घरेलू एलपीजी कनेक्शन भी है, वह घरेलू एलपीजी कनेक्शन अपने पास नहीं रखेगा, और न ही किसी सरकारी तेल कंपनी से, या उनके वितरकों के माध्यम से, घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की रिफिल लेगा।

LPG Crisis Update: अगर आपके घर में पाइप वाला पीएनजी गैस कनेक्शन है तो आप एलपीजी गैस सिलेंडर नहीं रख सकेंगे। साथ ही, ऐसे उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर को भरवाने पर रोक लगा दी गई है। भारत के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शनिवार को एक अहम फैसला लेते हुए संशोधित आपूर्ति आदेश जारी किया है। मंत्रालय ने बयान में कहा है कि इस संशोधन के तहत सरकारी तेल कंपनियों को भी ऐसे उपभोक्ताओं को एलपीजी कनेक्शन या रिफिल देने से मना किया गया है, जिनके पास पहले से ही पाइप वाली प्राकृतिक गैस (पीएनजी) कनेक्शन मौजूद है।
मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा, ''कोई भी व्यक्ति जिसके पास पाइप वाली प्राकृतिक गैस (PNG) का कनेक्शन है और जिसके पास घरेलू एलपीजी कनेक्शन भी है, वह घरेलू एलपीजी कनेक्शन अपने पास नहीं रखेगा, और न ही किसी सरकारी तेल कंपनी से, या उनके वितरकों के माध्यम से, घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की रिफिल लेगा। ऐसे व्यक्तियों के लिए यह आवश्यक होगा कि वे अपने घरेलू एलपीजी कनेक्शन को तत्काल समर्पित कर दें।''
पिछले महीने के आखिरी में ईरान पर अमेरिका और इजरायल ने मिलकर हमला कर दिया था, जिसमें सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इसके बाद, ईरान ने बदले की कार्रवाई करते हुए खाड़ी देशों पर अमेरिकी ठिकानों पर जमकर बमबारी की। इसके अलावा, दुनियाभर को तेल और एलपीजी पहुंचाने वाले स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते चुनिंदा जहाजों के अलावा, बाकी के जहाजों के जाने पर रोक लगा दी। ईरान ने कई टैंकरों को मिसाइलों के हवाले कर दिया। भारत में भी एलपीजी को लेकर विभिन्न शहरों में लंबी-लंबी लाइनें लगने लगीं। इस बीच, ईरान ने होर्मुज से दो एलपीजी टैंकरों को भारत जाने की इजाजत दे दी है।
सरकार ने देशवासियों से अपील की है कि वे रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल को लेकर घबराहट में न आएं, क्योंकि देश में इनका पर्याप्त भंडार है। साथ ही कहा कि जो लोग अभी सिलेंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं और उनके आसपास पाइप से आपूर्ति की जाने वाली पीएनजी की लाइन है वे शीघ्र इसके कनेक्शन के लिए आवेदन करें। सिलेंडर बुकिंग को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा गया है कि वे तेल वितरण कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट से ही सिलेंडर की बुकिंग करें क्योंकि कुछ डिजिटल स्कैमर इस स्थिति का गलत फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और राज्यों से सिलेंडर आपूर्ति की निगरानी करने को कहा गया है।
वैकल्पिक ईंधन के रूप में केरोसिन के इस्तेमाल को बढ़ाने के लिए भी उचित कदम उठाये गए हैं। विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों ने पश्चिम एशिया की स्थिति के बारे में बुलाये गये संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सरकार ईरान के नेताओं से लगातार संपर्क में है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार रात को ईरान के राष्ट्रपति के साथ फोन पर बातचीत कर वहां की स्थिति और वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के बारे में बात की है। विदेश मंत्री डा एस जयशंकर ने भी अपने ईरानी समकक्ष के साथ द्विपक्षीय मुद्दों और ब्रिक्स देशों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की है। सरकार स्थिति पर निरंतर नजर बनाये हुए है और स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाये जा रहे हैं।




साइन इन