इंडिगो के विमान में यात्री सवार, पांच घंटे तक कराया इंतजार; पैसेंजर्स ने जमकर काटा हंगामा
चेन्नई में इंडिगो एयरलाइंस के यात्रियों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ा। आरोप है कि 200 से ज्यादा यात्रियों को फ्लाइट में बिठाकर पांच घंटे से ज्यादा इंतजार कराया गया। इस दौरान फ्लाइट के दौरान एसी भी ठीक से काम नहीं कर रहा था।

चेन्नई में इंडिगो एयरलाइंस के यात्रियों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ा। आरोप है कि 200 से ज्यादा यात्रियों को फ्लाइट में बिठाकर पांच घंटे से ज्यादा इंतजार कराया गया। इस दौरान फ्लाइट के दौरान एसी भी ठीक से काम नहीं कर रहा था। इसके चलते, उन्हें सांस लेने में भी परेशानी होने लगी थी। यह सभी यात्री चेन्नई से सिंगापुर की यात्रा करने वाले थे। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पैसेंजर्स एयरलाइन स्टाफ पर चिल्ला रहे हैं। हालांकि इंडिगो अधिकारियों ने कहा है कि तकनीकी गड़बड़ी के चलते यह देरी हुई है।
वीडियो में क्या
सोशल मीडिया पर एक मिनट का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें यात्री अव्यवस्था की शिकायत कर रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि जब वो लोग प्लेन में बैठे थे तो एसी लगातार ऑन-ऑफ हो रही थी। इसके अलावा उन्हें देरी के बारे में कोई भी ठोस जानकारी नहीं दी जा रही थी। इस बारे में कुछ पूछने पर उन्हें सीआईएसएफ कर्मचारियों द्वारा डराया-धमकाया जा रहा था।
यह है पूरा मामला
चेन्नई से सिंगापुर जाने वाली फ्लाइट संख्या, 6ई1025 सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर उड़ान भरने वाली थी। इसके लिए पैसेंजर्स को 6.30 बजे से विमान में बैठाया गया। लेकिन विमान ने तय समय पर उड़ान नहीं भरी। एक पैसेंजर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि हमें न तो ठोस वजह बताई जा रही थी और न ही कोई क्लियर कम्यूनिकेशन था। विमान में नवजात शिशु, बच्चे और बूढ़े भी थे। इसके अलावा तमाम कामकाजी लोग भी सवार थे। असुविधा के चलते कुछ यात्रियों ने खुद को नीचे उतारने की मांग उठाई, लेकिन उन्हें भी काफी समय तक इसकी इजाजत नहीं दी गई।
क्या बोले अधिकारी
इंडिगो के अधिकारियों के मुताबिक उड़ान से पहले पायलट ने नोटिस किया कि केबिन का तापमान सामान्य से ज्यादा है। इसके बाद उसने इंजीनियरिंग टीम को इस बारे में जानकारी दी।
अधिकारियों ने आगे बताया कि जब तक यह समस्या हल की गई, कॉकपिट क्रू के ड्यूटी का समय पूरा हो गया। इसके बाद वैकल्पिक क्रू टीम की व्यवस्था करने में काफी समय लग गया।




साइन इन