बरी हो चुके हैं तो... शराब घोटाले में केजरीवाल के आरोप मुक्त होने पर अन्ना हजारे का बड़ा बयान
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाले में बरी किए जाने को लेकर अन्ना हजारे का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अब जबकि देश की अदालत द्वारा उन्हें बरी कर दिया गया है, तो अदालत के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के लिए शुक्रवार का दिन राहत लेकर आया। शराब घोटाले के मामले में कोर्ट ने उन्हें और उनके साथियों को बरी कर दिया। अब इस मामले पर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री को लेकर दिल्ली की न्यायपालिका ने जो फैसला सुनाया है, उसका सम्मान किया जाना चाहिए। न्यायपालिका की मजबूती के कारण ही देश सुचारू रूप से चलता है।
केजरीवाल के बरी होने पर मीडिया से बात करते हुए अन्ना हजारे ने न्यायपालिका पर अपना भरोसा जताया। उन्होंने कहा, "हमारा देश भारत न्यायिक और सुरक्षा व्यवस्था की ताकत पर चलता है। इतना बड़ा देश होने के बावजूद, जहां अलग-अलग दल, जातियां, धर्म और समुदाय हैं, यह न्यायपालिका के कारण ही व्यवस्थित रूप से चलता है। अगर न्यायपालिका न हो तो अराजकता और अशांति फैल जाए। अब जब अदालत ने फैसला दिया है कि अरविंद केजरीवाल दोषी नहीं हैं, तो इसे स्वीकार किया जाना चाहिए।"
फैसला पहले आ जाता, तो सब यह सब नहीं कहते
सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे से जब पूछा गया कि इस फैसले के पहले उन्होंने अरविंद केजरीवाल के बारे में जो कुछ भी कहा उस पर उनके क्या विचार हैं? इसका जवाब देते हुए अन्ना ने कहा, “केजरीवाल के बारे में जो कुछ भी कहा था वह न्याय व्यवस्था का निर्णय आने के पहले कहा था, सब हवा में बोल रहे थे। अगर न्यायालय का निर्णय आ जाता तो फिर हम ऐसा नहीं बोलते, अब जबकि न्यायालय ने कह दिया है कि केजरीवाल का कोई दोष नहीं है, तो हमें मानना होगा।”
गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल के ऊपर पिछले काफी समय से शराब घोटाले को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर था। हालांकि, राजनैतिक रूप से संवेदनशील इस मामले पर अदालत ने अपना फैसला सुनाते हुए अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत 21 आरोपियों को आरोपमुक्त कर दिया। इस मामले में तेलंगाना जागृति की के. कविता को भी राहत मिली है। कोर्ट ने कहा कि सीबीआई तत्कालीन दिल्ली सरकार द्वारा लाई गई आबकारी नीति के पीछे किसी भी व्यापक साजिश या आपराधिक मंशा को साबित करने में विफल साबित रही है।
केजरीवाल क्या बोले?
शराब घोटाले मामले में लगातार हमले झेल रहे केजरीवाल राहत मिलने के बाद मीडिया से बात करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने काह,"मैं भ्रष्ट नहीं हूं। अदालत ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ‘कट्टर ईमानदार’ हैं।” वहीं, दूसरी तरफ जेल की हवा खा चुके मनीष सिसोदिया ने भी फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस निर्णय से जनता का संविधान पर विश्वास दोबारा मजबूत हुआ है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "भाजपा और उसकी एजेंसियों ने हमें बेईमान साबित करने की हर कोशिश की, लेकिन आज यह स्थापित हो गया है कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ईमानदार हैं।”




साइन इन