आज रात से बॉर्डर एरिया में अमित शाह, सिक्योरिटी का लेंगे जायजा और क्या है प्लान
गृह मंत्री का यह दौरा राजस्थान, गुजरात, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल जैसे अहम सीमावर्ती राज्यों को कवर करेगा। इससे पश्चिमी और पूर्वी दोनों सीमाओं पर सुरक्षा तैयारियों का आकलन किया जाएगा। दौरे की शुरुआत 25 मई की रात राजस्थान के बीकानेर पहुंचने से होगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार रात से भारत के सीमावर्ती राज्यों के दौरे पर निकलेंगे। इसका उद्देश्य देश की सीमा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना और सीमाओं की सुरक्षा में जुटी विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल को और मजबूत करना है। केंद्र सरकार लगातार बदलती सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए सीमा प्रबंधन को सशक्त बनाने पर जोर दे रही है और शाह का यह दौरा उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री का यह दौरा राजस्थान, गुजरात, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल जैसे अहम सीमावर्ती राज्यों को कवर करेगा। इससे पश्चिमी और पूर्वी दोनों सीमाओं पर सुरक्षा तैयारियों का आकलन किया जाएगा। दौरे की शुरुआत 25 मई की रात राजस्थान के बीकानेर पहुंचने से होगी। 26 मई को अमित शाह भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित सीमा सुरक्षा बल (BSF) की सांचू चौकी का दौरा करेंगे। यहां वह तैनात जवानों से बातचीत कर सीमावर्ती इलाकों में सामने आने वाली चुनौतियों और जमीनी हालात की जानकारी लेंगे।
कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन
गृह मंत्री बीएसएफ कर्मियों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे, जिनका उद्देश्य कठिन परिस्थितियों में तैनात जवानों के रहने और काम करने की सुविधाओं को बेहतर बनाना है। इसके बाद बीकानेर में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित होगी, जिसमें गृह मंत्रालय, राजस्थान सरकार, बीएसएफ के सीनियर अधिकारी और सीमा से जुड़े 5 जिलों के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में सीमा पार से होने वाले खतरों, खुफिया जानकारी साझा करने और सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ाने पर चर्चा होने की संभावना है।
राजस्थान दौरे के बाद अमित शाह 29 मई को गुजरात के भुज जाएंगे, जहां वह भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित बीएसएफ चौकी का निरीक्षण करेंगे। यह इलाका रण ऑफ कच्छ में स्थित है और कठिन भूभाग व घुसपैठ की घटनाओं के कारण संवेदनशील माना जाता है। इसके बाद 5 जून को वह त्रिपुरा पहुंचकर भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। जून के मध्य में पश्चिम बंगाल का दौरा प्रस्तावित है, जहां हाल ही में भाजपा ने पहली बार बहुमत हासिल कर सरकार बनाई है। इस दौरान गृह मंत्री सीमा निगरानी, अवैध घुसपैठ रोकने और सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के उपायों का जायजा लेंगे।




साइन इन