Air India first flight reaches Delhi with passengers stranded in Dubai दिल्ली आते ही लौटी मुस्कान; दुबई में फंसे लोगों को लेकर आई पहली फ्लाइट, India News in Hindi - Hindustan
More

दिल्ली आते ही लौटी मुस्कान; दुबई में फंसे लोगों को लेकर आई पहली फ्लाइट

दुबई में फंसे भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विमान मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचा। फ्लाइट एआई916डी आज सुबह करीब 11 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई। एयरक्राफ्ट वीटी-ईडीसी में कुल 149 यात्री सवार थे।

Tue, 3 March 2026 01:16 PMDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली आते ही लौटी मुस्कान; दुबई में फंसे लोगों को लेकर आई पहली फ्लाइट

दुबई में फंसे भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विमान मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचा। फ्लाइट एआई916डी आज सुबह करीब 11 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई। एयरक्राफ्ट वीटी-ईडीसी में कुल 149 यात्री सवार थे। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले और ईरान की जवाबी कार्रवाई से मिडिल ईस्ट में माहौल काफी तनावपूर्ण है। इस माहौल के बीच एयर इंडिया की यह पहली उड़ान थी, जिससे यात्रियों को भारत लाया गया। इससे पहले सुबह एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के 143 कॉकपिट और केबिन क्रू सदस्यों को सुरक्षित दिल्ली लाया गया। यह लोग दुबई में फंसे हुए थे। दुबई से लौटे यात्रियों ने भारत लौटने पर राहत की सांस ली है। साथ ही उन्होंने सरकार और एयरलाइंस का शुक्रिया भी अदा किया है।

एयर इंडिया ने क्या कहा
एयर इंडिया ने अपने बयान में कहाकि मौजूदा हालात में उनकी टीम लगातार काम कर रही है। इस दौरान बेहतर समन्यव के साथ चीजों को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा एयर इंडिया ने सहयोग के लिए भारत सरकार, डीजीसीए और दुबई के स्थानीय अधिकारियों का भी आभार जताया है। साथ ही एयरलाइन ने यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है। बयान में कहा गया है कि हम हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। इसके अलावा अधिकारियों के भी लगातार टच में हैं, जिससे मौका मिलते ही अधिक फ्लाइट्स ऑपरेट की जा सकें।

अबू धाबी-बेंगलुरु फ्लाइट भी आई
गौरतलब है कि सैन्य अभियानों के बाद पश्चिम एशिया के बड़े हिस्से में अस्थायी रूप से हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया था, जिसके चलते खाड़ी देशों और भारत के बीच कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। हवाई क्षेत्र के चरणबद्ध रूप से खुलने के बाद कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सीमित निकासी और वापसी उड़ानें शुरू की गईं। अबू धाबी-बेंगलुरु फ्लाइट से लौटे यात्रियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि संघर्ष के दौरान स्थिति भयावह थी। एक यात्री ने कहा कि एयरलाइन ने उन्हें होटल में ठहराया, जहां आसपास विस्फोटों की आवाजें सुनाई देती थीं और मिसाइलों को रोका जा रहा था। उन्होंने कहा कि भारत लौटकर उन्हें राहत मिली है।

यात्रियों ने साझा किया अनुभव
एक अन्य यात्री ने बताया कि एतिहाद एयरवेज ने रद्द उड़ानों से प्रभावित यात्रियों के लिए होटल और अन्य सहायता की व्यवस्था की थी और अबू धाबी हवाईअड्डे पर फंसे यात्रियों की देखभाल की। भारत में प्रमुख विमानन कंपनियों एयर इंडिया, इंडिगो, अकासा एयर और स्पाइसजेट ने मध्य पूर्व के लिए उड़ानें अस्थायी रूप से स्थगित कर दी थीं। खाड़ी मार्गों पर निर्भर कुछ यूरोपगामी उड़ानें भी प्रभावित हुईं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ईरान पर हमलों का भारत पर भी असर, एयर इंडिया-इंडिगो की फ्लाइट्स का बदलना पड़ा रूट
ये भी पढ़ें:अमेरिका से ट्रेड डील के बाद भी रूस सबसे बड़ा तेल सप्लायर, बढ़ सकता है आयात
ये भी पढ़ें:ईरान के मसले पर कराची में कोहराम, पाकिस्तानियों पर अमेरिकी सैनिकों की फायरिंग

क्या है डीजीसीए की सलाह
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एहतियातन कई पश्चिम एशियाई देशों के ऊपर के हवाई क्षेत्र से बचने की सलाह दी थी और यात्रियों की शिकायतों के समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष सक्रिय किये गये थे। इन व्यवधानों के कारण हजारों यात्री पश्चिम एशिया और भारत में फंस गये थे। सीमित उड़ानों की बहाली के साथ स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने की ओर बढ़ रही है, हालांकि सुरक्षा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।