ईरान पर हमलों का भारत पर भी असर, एयर इंडिया और इंडिगो की फ्लाइट्स का बदलना पड़ा रूट
इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध का असर भारतीय एयरलाइंस पर भी पड़ा है। इंडिगो और एयर इंडिया की फ्लाइट्स को बीच रास्ते से ही भारत वापस लौटना पड़ा है।

इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध का असर भारतीय एयरलाइंस पर भी पड़ा है। इंडिगो और एयर इंडिया की फ्लाइट्स को बीच रास्ते से ही भारत वापस लौटना पड़ा है। एयरलाइन ने पुष्टि की कि 28 फरवरी को दिल्ली से तेल अवीव के लिए रवाना हुई AI139 इजरायल के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण भारत वापस लौट रही है।
दोनों तरफ से किए जा रहे हवाई हमलों की वजह से दोनों देशों ने अपने-अपने एयरस्पेस को बंद कर दिया है। इसके कारण दिल्ली और तेल अवीव के बीच चलने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को डायवर्ट कर दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली-तेल अवीव की फ्लाइट संख्या AI139 और तेल अवीव से वापस आने वाली फ्लाइट संख्या AI140 इस संघर्ष की वजह से प्रभावित हुई हैं। देर शाम तक गल्फ देशों में हवाई क्षेत्र बंद होने की वजह से भारत की तरफ से इन देशों को जाने वाली फ्लाइट्स को भी रद्द कर दिया गया है।
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट समेत, मध्य-पूर्व के तमाम एयरपोर्ट्स के बंद हो जाने की वजह से हजारों की संख्या में यात्री यहां पर फंसे हुए हैं। शनिवार देर रात जारी एडवाइजरी में अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि दूतावास और वाणिज्य दूतावास यूएई के अधिकारियों के संपर्क में हैं।एडवाइजरी में कहा गया, “यूएई में अस्थायी और एहतियाती तौर पर हवाई क्षेत्र बंद किए जाने के कारण हवाई अड्डों पर फंसे भारतीय यात्रियों की देखभाल के लिए दूतावास यूएई के अधिकारियों और एयरलाइनों के संपर्क में हैं।”
इससे पहले, इजरायल और अमेरिका की तरफ से किए गए हमलों ने ईरान को भारी नुकसान पहुंचाया। इन हमलों के बाद ईरान ने पलटवार करते हुए मध्य-पूर्व में मौजूद अमेरिका के तमाम ठिकानों पर मिसाइलों, ड्रोन्स और रॉकेट्स के जरिए हमला करना शुरू कर दिया। ईरान की तरफ से यह हमला दो बार की खेप में किया गया। इजरायल में इस हमले के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इजरायली सरकार ने देश व्यापी इमरजेंसी सिस्टम के माध्यम से लोगों को तुरंत शेल्टर होम में जाने के दिशा निर्देश दिए। इजरायली स्टेट मीडिया के मुताबिक ईरान की तरफ से आई ज्यादातर हमलावर मिसाइलों को बीच में ही इंटरसेप्ट करके नष्ट कर दिया गया है, जबकि कुछ मिसाइलें जमीन तक आने में कामयाब रही हैं, जिसकी वजह से 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।




साइन इन