जंग के बीच तेहरान का सख्त फरमान, अमेरिका-इजरायल का साथ देने वाले ईरानियों की संपत्ति होगी जब्त
अभियोजक महानिदेशक के कार्यालय ने विदेश में रहने वाले उन ईरानियों को चेतावनी जारी की है जो किसी भी रूप में अमेरिकी-जायोनी दुश्मन के प्रति सहानुभूति रखते हैं, उनका समर्थन करते हैं या उनके साथ सहयोग करते हैं। ऐसे लोगों की संपत्तियां कानून के अनुसार जब्त की जाएंगी

अमेरिका और इजरायल के साथ जारी जंग के बीच तेहरान ने सख्त फरमान जारी किया है। ईरान की न्यायपालिका ने सोमवार को घोषणा की कि विदेशों में रहने वाले उन ईरानी नागरिकों की संपत्ति जब्त की जाएगी और उन पर जुर्माना लगाया जाएगा, जो इजरायल और अमेरिका के साथ 'सहयोग' करते पाए जाएंगे।
न्यूज एजेंसी एएफपी के अनुसार, न्यायपालिका की वेबसाइट मिजान ऑनलाइन ने अभियोजक जनरल के कार्यालय के हवाले से बताया कि विदेश में रहने वाले वे ईरानी, जो 'अमेरिकी-जायोनी आक्रमणकारी दुश्मन' के साथ गठबंधन करते हैं, उसका समर्थन करते हैं या सहयोग करते हैं, उनकी सभी संपत्तियां जब्त कर ली जाएंगी और उन्हें कानून के तहत अन्य कानूनी दंडों का भी सामना करना पड़ेगा।
यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब ईरान में राजनीतिक बदलाव की मांग करने वाले कुछ प्रवासी ईरानियों ने यूरोप और अमेरिका के कई शहरों में सड़कों पर उतरकर ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल के सैन्य अभियान के दौरान सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या का जश्न मनाया था। खामेनेई की मृत्यु के बाद मोजतबा खामेनेई को तेहरान का नया सर्वोच्च नेता नामित किया गया है।
सरकारी मीडिया के मुताबिक, अभियोजक महानिदेशक के कार्यालय ने विदेश में रहने वाले उन ईरानियों को चेतावनी जारी की है जो किसी भी रूप में अमेरिकी-जायोनी (इजरायली) दुश्मन के प्रति सहानुभूति रखते हैं, उनका समर्थन करते हैं या उनके साथ सहयोग करते हैं। ऐसे लोगों की संपत्तियां कानून के अनुसार जब्त की जाएंगी और उन्हें अन्य कानूनी दंड भी दिए जाएंगे।
वहीं, रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, टेलीग्राम पर हाल ही में बने कुछ चैनलों ने विदेशों में रहने वाले प्रमुख ईरानियों की जानकारी साझा की है। इन लोगों ने सोशल मीडिया पर ईरान के धार्मिक नेतृत्व की आलोचना करते हुए 28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका-इजरायल सैन्य अभियान का समर्थन किया था।
ईरानी सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, लगभग 50 लाख ईरानी नागरिक विदेशों में रहते हैं, जिनमें से अधिकतर अमेरिका और पश्चिमी यूरोप में बसे हैं। हालांकि ईरानी मीडिया का अनुमान है कि यह संख्या करीब एक करोड़ तक हो सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन