हमारी मस्जिद छीन ली, पांच दशक बाद पहली बार ईद के मौके पर भी बंद अल-अक्सा मस्जिद; भड़के नमाजी
1967 के बाद पहली बार है जब रमजान और ईद उल फितर के मौके पर मुसलमानों की सबसे पवित्र मस्जिदों में से एक अल -अक्सा मस्जिद को बंद कर दिया गया है। इजरायल ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से ही मस्जिद में जाने पर प्रतिबंध लगा दिए हैं।

इजरायल ने मुसलमानों के सबसे पवित्र स्थलों में से एक अल अक्सा मस्जिद को बंद कर रखा है। कई दशकों बाद ऐसा पहली बाहर है जब ईद के मौके पर भी मुसलमान अल अक्सा मस्जिद में नमाज नहीं अदा कर पा रहे हैं। ऐसे में मुसलमान काफी उदास हैं। शुक्रवार को बहुत सारे लोग यरुशलम के ओल्ड सिटी गेट पर नमाज अदा करने पहुंचे थे। इससे पहले 1967 में पश्चिम एशिया युद्ध के दौरान मस्जिद पूरी तरह बंद की गई थी। युद्ध के दौरान इजराइल ने पूर्वी यरूशलम और पुराने शहर पर कब्जा कर लिया था।
मस्जिद को लेकर लंबे समय से है विवाद
इजरायल का कहना है कि युद्ध को देखते हुए मस्जिद को बंद करने का फैसला किया गया है। यह मस्जिद एक पहाड़ी परिसर में स्थित है, जो मुसलमानों और यहूदियों दोनों के लिए बहुत अहमियत रखती है। इस जगह पर दावे को लेकर लंबे समय से विवाद रहा है। इसे लेकर इतिहास में कई बार इजराइलियों और फलस्तीनियों के बीच टकराव हो चुका है।
ईरान युद्ध के दौरान सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इजराइल ने पुराने शहर के सभी धर्मों के उपासकों के लिए पवित्र स्थलों को बंद कर रखा है, हालांकि इन प्रतिबंधों का सबसे अधिक प्रभाव मुसलमानों पर पड़ा है क्योंकि हर शुक्रवार को हजारों मुसलमान अल-अक्सा में नमाज अदा करने के लिए आते हैं।
एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक 60 साल से यहां नमाज पढ़ने आने वाले एक शख्स ने कहा, अल अक्सा हमसे छीन ली गई है। यह रमजान हमारे लिए बहुत दुखद रहा है। दुनियाभर के मुसलमान संकट से जूझ रहे हैं। फिलिस्तीन में जो हुआ सबने देखा और अब मुस्लिम देशों में तनाव का माहौल है। बता दें कि 28 फरवरी को इजरायल ने ईरान पर हमला किया था। इसके बाद ही सुरक्षा कारणों को हवाला देकर अल अक्सा मस्जिद को बंद कर दिया गया था। इजरायली सरकार का कहना है कि भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मिसाइल अटैक भी हो सकता है।
इजरायल में एक जगह पर 50 से ज्यादा लोगों के जमा होने पर प्रतिबंध लगाया गया है। ओल्ड सिटी गेट पर भी मिसाइल के टुकड़े गिरने की खबर थी। 1967 में रमजान और ईद के दौरान अल अक्सा मस्जिद को बंद किया गया था। हालांकि नमाजी यहां पहुंचे थे और ओल्ड सिटी गेट के पास ही नमाज अदा की दई थी। इस दौरान सुरक्षाबलों के साथ नमाजियों की धक्का-मुक्की भी हुई थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन