होमस्टे को लेकर हुआ विवाद, इंदौर में पेंटहाउस मालिक ने महिला को कार से रौंदकर मार डाला
इंदौर में एक सोसायटी में हुआ मामूली विवाद जानलेवा हो गया। यहां एक बिल्डिंग के पेंटहाउस को किराए पर देने को लेकर हुए विवाद में मालिक ने कार से कुचलकर एक महिला की हत्या कर दी।

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहां की रिहायशी सोसायटी में चल रहा होमस्टे विवाद बुधवार रात कत्ल का कारण बन गया। शंपा पांडेय नाम की एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर को कार से कुचलकर मार डाला गया। पुलिस ने इस मामले में कुलदीप चौधरी और उसके बेटे मोनीश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है।
सोसायटी में लंबे समय से चल रहा था विवाद
यह घटना इंदौर की शिव वाटिका स्मृति इन्क्लेव की है। यहां के रहनेवाले लोग बिल्डिंग की सातवीं मंजिल के पेंटहाउस को होमस्टे की तरह इस्तेमाल किए जाने का विरोध कर रहे थे। लोगों का कहना था कि इससे सोसायटी की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है और देर रात अजनबियों की आवाजाही बढ़ गई है।
बिजली कटने से बढ़ा टकराव
बताया जा रहा है कि बुधवार को पेंटहाउस फिर किराए पर दिया गया, जिसके बाद नाराज रहवासियों ने उस पेंट हाउस की बिजली काट दी। इसके जवाब में पेंटहाउस के मालिक कुलदीप चौधरी ने पूरी बिल्डिंग की बिजली बंद कर दी। यहीं से विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। जो आगे जाकर कत्ल का कारण बन गई।
मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना को लेकर हुई बाहस के बाद कुलदीप चौधरी ने अपने बेटे को फोन कर मौके पर बुलाया। कुछ ही देर में उसका बेटा मोनिश कार लेकर पहुंचा और गुस्से में बेकाबू हो गया।
कैमरे में कैद हुई वारदात
बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, मोनिश ने पहले एक महिला को टक्कर मारी। इसके बाद उसने कार घुमाकर शंपा पांडे को निशाना बनाया और उन्हें कुचल दिया। गंभीर हालत में शंपा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने किया अरेस्ट, जांच जारी
इस घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच करने के बाद पिता-पुत्र दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
दो बच्चों से छिन गई मां
इस घटना से शंपा पांडे का परिवार सदमे में है। वह दो छोटे बच्चों की मां थीं। पड़ोसियों के मुताबिक, बच्चे अभी तक अपनी मां की मौत से अनजान हैं।




साइन इन