MP में नोएडा जैसा हादसा, नहर में गिरी तेज रफ्तार कार; डूबने से 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत
एमपी के नर्मदापुरम के पुराने नेशनल हाईवे पर एक अनियंत्रित कार पथरौटा नहर में जा गिरी, जिससे उसमें सवार तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। जलती हेडलाइट्स की रोशनी के सहारे एसडीआरएफ ने कार को ढूंढकर बाहर निकाला।

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम (इटारसी) में शुक्रवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ पुराने भोपाल-बैतूल नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पथरौटा नहर (Patharauta Canal) में जा गिरी। कार इतनी गहराई में समा गई कि उसमें सवार तीनों लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला और उनकी डूबने से मौत हो गई।
पानी के अंदर से आ रही थी रोशनी
हादसा शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे हुआ। टाउन इंस्पेक्टर संजीव सिंह ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक कार पुल से सीधे नहर में गिर गई है। जब SDRF की टीम मौके पर पहुंची, तो वहां का मंजर डरावना था। कार पूरी तरह पानी में डूब चुकी थी, लेकिन उसकी हेडलाइट्स अभी भी जल रही थीं, जो पानी के अंदर से चमक रही थीं। इसी रोशनी के सहारे रेस्क्यू टीम ने कार की लोकेशन ट्रेस की।
ट्रैक्टर से खींची गई कार, 1.5 घंटे चला
रेस्क्यू SDRF की प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि कार काफी गहराई में थी, इसलिए उसे बाहर निकालने में करीब एक से डेढ़ घंटे का समय लगा। अंत में एक ट्रैक्टर की मदद से कार को पानी से बाहर खींचा गया। कार का दरवाजा खोलते ही अंदर से 3 शव बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान अभी पूरी तरह नहीं हो पाई है, लेकिन कार के अंदर से एक आईडी कार्ड मिला है, जिस पर लकी पटेल नाम लिखा है। पुलिस इसी आधार पर अब मृतकों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
हादसे की वजह: नशा या मशीनरी फेल?
SDRF कमांडर ने हादसे के पीछे दो बड़ी आशंकाएं जताई हैं। पहला, कार का स्टीयरिंग फेल हो जाना। दूसरा, शराब पीकर गाड़ी चलाना। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि आखिर कार पुल से नीचे कैसे गिरी। असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और टेक्निकल जांच के बाद ही सामने आएगी।




साइन इन