ग्वालियर में लड्डू गोपाल तलाश में दर-दर भटक रही महिला , अब थाने पहुंचकर पुलिस से लगाई गुहार
महिला ने मूर्ति से इतना लगाव होने की वजह बताते हुए कहा कि करीब 30 साल पहले उनकी मां ने लड्डू गोपाल की यह मूर्ति उन्हें दी थी। 5 साल पहले मां का निधन होने के बाद यह मूर्ति ही उनकी सबसे खास निशानी बन गई थी।

आपने भगवान के भक्तों की कई हैरान करने वाली कहानियां सुनी होंगी... और ग्वालियर से भी हैरान करने वाली एक ऐसी ही कहानी सामने आई है, यहां पर एक महिला भक्त अपने लड्डू गोपाल की तलाश में दर-दर भटक रही है। दरअसल महिला के लड्डू गोपाल की मूर्ति कहीं खो गई, तो महिला उनकी तलाश में मदद मांगने के लिए थाने जा पहुंची और वहां पुलिस से मूर्ति को खोजने के लिए सहायता की गुहार लगाई। जब पुलिस ने उससे कहा कि आप इस बारे में लिखित शिकायत दे दीजिए, तो महिला ने ऐसा कराने से मना कर दिया। उसका कहना था कि अगर कानूनी कार्रवाई होगी तो हमारे भगवान को थाने या कोर्ट में पेश होना पड़ेगा और मैं नहीं चाहती कि भगवान को इस तरह का कोई भी कष्ट हो।
ढूंढकर लाने वाले के लिए की इनाम की घोषणा
यह मामला ग्वालियर के अलकापुरी इलाके से सामने आया है, जहां पर रहने वाली विजया शर्मा करीब दो महीने से अपने खोए हुए लड्डू गोपाल की मूर्ति की तलाश कर रही हैं। इतना ही नहीं जब सारी कोशिशों के बाद भी मूर्ति नहीं मिली तो इस महिला ने मूर्ति को ढूंढकर लाकर देने पर इनाम देने की घोषणा भी कर दी, हालांकि उसने इनाम की राशि का खुलासा नहीं किया। फरियादी विजया शर्मा ने बताया कि वे अपनी बहन के साथ खरीदारी करने बाजार गई थीं और इस दौरान लड्डू गोपाल की मूर्ति को भी अपने साथ ले गई थीं। हालांकि बाजार में घूमने के दौरान उनके हाथों से मूर्ति कहीं गिरकर खो गई। उन्होंने बताया कि वह मूर्ति उनके लिए सिर्फ धार्मिक प्रतीक नहीं है, बल्कि मां की यादों से जुड़ी अनमोल धरोहर है।
महिला ने बताई मूर्ति से लगाव की वजह
महिला ने मूर्ति से इतना लगाव होने की वजह बताते हुए कहा कि करीब 30 साल पहले उनकी मां ने लड्डू गोपाल की यह मूर्ति उन्हें दी थी। 5 साल पहले मां का निधन होने के बाद यह मूर्ति ही उनकी सबसे खास निशानी बन गई थी। मुझे इस बात का गहरा दुख है कि मां की आखिरी निशानी को संभाल नहीं पाई। कई दिनों तक अपने स्तर पर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन जब कोई सफलता नहीं मिली तो मैंने कोतवाली जाकर मदद मांगी है। वहीं सीएसपी मनीष यादव ने कहा इस तरह के मामलों में मूर्ति का पता लगाना चुनौतीपूर्ण है। फिर भी आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।




साइन इन